गैंगसा यूनिट में ट्रैक्टर-ट्रॉली पर ब्लॉक लोड करते समय बड़ा हादसा, मजदूर की हुई मौत
1 min readपत्थरों के दो भारी ब्लॉकों के बीच दबा मजदूर,
मौके पर मौत
हुलासीपुरा के पास गैंगसा यूनिट में ट्रैक्टर-ट्रॉली पर ब्लॉक लोड करते समय हादसा,
परिवार का इकलौता कमाने वाला था मृतक,
बाड़ी,
बाड़ी उपखंड के सदर थाना क्षेत्र में सरमथुरा रोड स्थित हुलासीपुरा गांव के पास गुरुवार शाम एक पत्थर गैंगसा यूनिट में दर्दनाक हादसा हो गया। ट्रैक्टर-ट्रॉली पर पत्थर के ब्लॉक लोड करते समय एक मजदूर अचानक दो भारी पत्थर ब्लॉकों के बीच दब गया। गंभीर रूप से दबने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा शाम करीब 5 से 6 बजे के बीच हुआ।
मशीन से ब्लॉक लोड करते समय अचानक पीछे खिसकी ट्रॉली
जानकारी के अनुसार कोयला गांव निवासी कोक सिंह (50) पुत्र भोरू लाल कोली गैंगसा यूनिट पर मजदूरी का काम करता था। गुरुवार शाम वह मशीन की मदद से पत्थर के ब्लॉक ट्रैक्टर-ट्रॉली पर लोड कर रहा था। इसी दौरान ट्रॉली अचानक पीछे की ओर खिसक गई और कोक सिंह दो पत्थर के भारी ब्लॉकों के बीच फंस गया।
हादसा इतना गंभीर था कि मजदूर को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों और ग्रामीणों ने प्रयास कर उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने शव मोर्चरी में रखवाया, पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंपा
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर देर शाम बाड़ी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। शुक्रवार को परिजनों और गैंगसा यूनिट मालिक की मौजूदगी में पोस्टमॉर्टम कराया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
छह बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
कोक सिंह अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसके छह बच्चे हैं। इनमें दो बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि एक बेटी और तीन बेटे अभी पढ़ाई कर रहे हैं। हादसे की खबर के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का कहना है कि कोक सिंह की कमाई से ही पूरे परिवार का भरण-पोषण चल रहा था।
पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट, जांच जारी
सदर थाने के एएसआई विशाल सिंह ने बताया कि मृतक के बेटे मुन्नालाल की रिपोर्ट के आधार पर पंचनामा कार्रवाई की गई है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

