August 9, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

उच्चाधिकारियों के आदेश बेअसर, सार्वजनिक शौंचालय अक्सर बंद,10 रुपये वसूली का आरोप

1 min read
Spread the love

कर्नलगंज में उच्चाधिकारियों के आदेश बेअसर: सार्वजनिक शौंचालय अक्सर बंद,10 रुपये वसूली का आरोप

सरकारी सुविधाओं पर जिम्मेदारों की मनमानी भारी।

मोहल्ला गाड़ी बाजार के पार्क के पास बने शौचालय की बदहाल व्यवस्था से लोग परेशान, खुलने-बंद होने का समय भी निर्धारित नहीं

करनैलगंज,गोण्डा। नगर पालिका करनैलगंज क्षेत्र के मोहल्ला गाड़ी बाजार में पार्क के पास लाखों रुपये की लागत से निर्मित सार्वजनिक शौचालय की बदहाल व्यवस्था को लेकर लोगों में नाराजगी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सार्वजनिक शौचालय अक्सर बंद रहता है और इसके खुलने तथा बंद होने का कोई निर्धारित समय भी नहीं है। इससे आमजन को शासन की ओर से उपलब्ध कराई गई सुविधा का लाभ नहीं मिल पा रहा है। शनिवार सुबह का बताया जा रहा एक वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ है। इसमें सार्वजनिक शौचालय बंद दिखाई दे रहा है। एक जागरूक नागरिक द्वारा बनाए गए इस वीडियो के प्रसारित होने के बाद नगर पालिका की व्यवस्थाओं पर सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि शौचालय के संचालन के दौरान लोगों से 10 रुपये शुल्क के नाम पर वसूले जाते हैं, लेकिन इसकी कोई रसीद नहीं दी जाती। इससे शुल्क वसूली की व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि सार्वजनिक सुविधा के लिए बनाए गए शौचालय का नियमित संचालन और निर्धारित समय पर खुलना सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
नागरिकों का आरोप है कि शासन-प्रशासन की ओर से सार्वजनिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार निर्देश दिए जाते हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की लापरवाही के कारण जमीनी स्तर पर इनका लाभ लोगों को नहीं मिल पा रहा है। शौचालय बंद रहने से आसपास के दुकानदारों, राहगीरों और बाजार आने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से शौचालय के नियमित संचालन, खुलने-बंद होने का समय सार्वजनिक करने, शुल्क वसूली की व्यवस्था स्पष्ट करने और बिना रसीद कथित वसूली की जांच कराने की मांग की है। नागरिकों का कहना है कि सरकारी धन से निर्मित सुविधा का उद्देश्य आमजन को सुविधा देना है, न कि उनका शोषण करना है।
इस मामले में जिम्मेदार अधिकारियों का पक्ष जानने के लिए दूरभाष के माध्यम से संपर्क करने का प्रयास किया गया,लेकिन फोन नेटवर्क क्षेत्र से बाहर था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *