August 9, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

खुले करंट के बीच टीन शेड लगवाना पड़ा भारी, मजदूर की करंट लगने से मौत

1 min read
Spread the love

सुरक्षात्मक इंतजामों की अनदेखी का आरोप, लोहे के टीन और सीढ़ी में उतरा करंट; परिजनों ने दुकान मालिक पर लगाया लापरवाही का आरोप

गोंडा। मसकनवां-बभनान मार्ग पर इमली के पेड़ के पास शनिवार दोपहर उस समय बड़ा हादसा हो गया, जब किराये की दुकान पर टीन शेड लगाने का काम कर रहा एक मजदूर खुले इन्वर्टर के तार की चपेट में आ गया। सीढ़ी और लोहे के टीन शेड में करंट उतरने से मजदूर राजू गुप्ता (45) बुरी तरह झुलस गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने दुकान मालिक पर बिना किसी सुरक्षात्मक व्यवस्था के खुले विद्युत तारों के बीच मजदूरों से काम कराने और घोर लापरवाही का आरोप लगाया है।

घटना मसकनवां पुलिस चौकी क्षेत्र में शनिवार करीब साढ़े 12 बजे की है। बताया गया कि मसकनवां कस्बे के मसकनवां-बभनान रोड स्थित इमली के पेड़ के पास शिवम मौर्य निवासी रानीजोत की किराये की दुकान पर टीन शेड लगाने का काम चल रहा था। इस कार्य में राजू गुप्ता निवासी खालेगांव, हिमांशू निवासी खालेगांव और राम प्रकाश मौर्य निवासी कोयरीपुर, तालागंज ग्रांट मजदूरी कर रहे थे।
परिजनों के मुताबिक, जिस दुकान पर टीन शेड लगाया जा रहा था, उसके पूरब और पश्चिम की दुकानों में विद्युत आपूर्ति के लिए इन्वर्टर का तार एक दुकान से दूसरी ओर ले जाया गया था। आरोप है कि टीन शेड लगाने वाली जगह के सामने इन्वर्टर का केबल खुला और असुरक्षित हालत में पड़ा था।

सीढ़ी में फंसा तार, टीन शेड में दौड़ा करंट

काम के दौरान हिमांशू बांस की मदद से टीन शेड उठा रहा था, जबकि राजू गुप्ता दीवार पर सीढ़ी लगाकर ऊपर काम कर रहा था। इसी दौरान इन्वर्टर का खुला तार अचानक सीढ़ी के संपर्क में आ गया। सीढ़ी और लोहे के टीन शेड में करंट उतरते ही राजू उसकी चपेट में आकर चिपक गया। साथ काम कर रहे मजदूरों ने उसे बांस की मदद से छुड़ाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी हालत बिगड़ चुकी थी और उसकी मौत हो गई।

घर पहुंचा शव तो मचा कोहराम

हादसे के बाद राजू का शव उसके घर खालेगांव पहुंचाया गया। शव देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने तत्काल डायल-112 और मसकनवां पुलिस चौकी को घटना की सूचना दी। सूचना पर चौकी प्रभारी राम सुरेश यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

दुकान मालिक पर लापरवाही का आरोप, कार्रवाई की मांग

मृतक के छोटे भाई राकेश गुप्ता ने पुलिस को लिखित तहरीर देकर आरोप लगाया कि दुकान मालिक शिवम द्वारा खुले इन्वर्टर तार के बीच मजदूरों से टीन शेड लगवाने का काम कराया जा रहा था। कार्यस्थल पर किसी तरह के सुरक्षात्मक उपाय नहीं किए गए थे। आरोप है कि इसी लापरवाही के कारण उनके भाई की जान चली गई।

परिजनों ने मामले की जांच कर जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस जांच में जुटी

मसकनवां चौकी प्रभारी राम सुरेश यादव ने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर प्राप्त हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सवाल यह है कि खुले विद्युत तारों के बीच मजदूरों से काम क्यों कराया गया। यदि कार्यस्थल पर समय रहते बिजली आपूर्ति बंद कराकर सुरक्षा के इंतजाम किए गए होते तो क्या यह जानलेवा हादसा टाला जा सकता था? अब पुलिस जांच में यह भी स्पष्ट होना बाकी है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी किस स्तर पर हुई और हादसे के लिए जिम्मेदारी किसकी तय होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *