छात्र अमित यादव से मारपीट मामले में अभाविप ने जाना हाल, परिजनों से की मुलाकात
1 min readगोंडा।
नगर पंचायत परसपुर स्थित बेनी माधव जंग बहादुर इंटर कॉलेज के छात्र अमित कुमार यादव के साथ हुई मारपीट की घटना को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने दुर्भाग्यपूर्ण एवं निंदनीय बताया है। घटना के बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता अमित के पैतृक निवास ग्राम खरिकवा के मजरे डेहरास पहुंचे और अमित एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने परिजनों से घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। इसके बाद परिषद कार्यकर्ताओं ने विद्यालय पहुंचकर अमित के सहपाठियों एवं अन्य विद्यार्थियों से बातचीत की और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। इस मामले को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद गोंडा के विभाग संयोजक आदर्श तिवारी आजाद ने परसपुर थानाध्यक्ष कमल शंकर चतुर्वेदी से भी वार्ता की। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपित छात्रों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है तथा मामले में शीघ्र विधिक कार्रवाई की जाएगी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद गोंडा के विभाग संयोजक आदर्श तिवारी ‘आजाद’ ने संवाददाता से बातचीत में कहा कि छात्र अमित यादव के साथ हुई मारपीट की घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। विद्यार्थियों के साथ इस प्रकार की घटना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। परिषद पीड़ित छात्र और उसके परिवार के साथ खड़ी है तथा प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की अपेक्षा करती है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा, सम्मान और न्याय अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा विद्यार्थी हितों से जुड़े मामलों में परिषद सदैव अपनी आवाज उठाती रहेगी। परिषद कार्यकर्ताओं ने बताया कि अमित की हालत अब पहले से बेहतर है। उन्होंने ईश्वर से अमित के शीघ्र पूर्ण स्वस्थ होने की कामना की। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक बृजेश सिंह, प्रधानाचार्य दिनेश कुमार सिंह, अरविंद सिंह, राम सिंह सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। वहीं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की तरफ से विभाग संयोजक आदर्श तिवारी ‘आजाद’, जिला संयोजक मनीष कनौजिया, प्रांत कार्यकारिणी सदस्य अमरेश प्रजापति, जिला संगठन मंत्री देवेंद्र एवं आयुष सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

