ट्रांसफॉर्मर से तार जोड़ने को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, महिला-पुरुष समेत 11 घायल; जिला अस्पताल रेफर
1 min read
मिल्कीपुर, अयोध्या।
इनायतनगर थाना क्षेत्र की हैरिंग्टनगंज चौकी अंतर्गत ग्राम पंचायत रेवना के मजरे पासीन का पुरवा में विद्युत ट्रांसफॉर्मर से तार जोड़ने को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज के बाद लाठी-डंडे चलने लगे। मारपीट में महिला और पुरुष समेत कुल 11 लोग घायल हो गए। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल अयोध्या रेफर किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच जमीनी विवाद को लेकर काफी समय से विवाद चला आ रहा था। इसी को लेकर आए दिन दोनों पक्षों में कहासुनी होती रहती थी। बताया जा रहा है कि रविवार सुबह विद्युत ट्रांसफॉर्मर पर तार जोड़ने को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद गाली-गलौज में बदल गया और दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चलने लगे।
मारपीट में प्रथम पक्ष से अशोक कुमार (50), शिवकुमार (35), पार्वती (44), शीला (30) और ऋषभ (20) घायल हुए। वहीं दूसरे पक्ष से सुरेश कुमार (32), सुमिरिता (28), ग्रिजेश कुमार (26), कुसमा (60), आरती (20) और रंजीत कुमार (28) घायल बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना पीआरवी 112 को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैरिंग्टनगंज पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को जिला अस्पताल अयोध्या रेफर कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही हैरिंग्टनगंज चौकी प्रभारी राणा दिग्विजय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उनके साथ धीरेंद्र मिश्रा, अवनीश उपाध्याय, सुनील गिरी समेत अन्य पुलिसकर्मियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जानकारी ली।
चौकी प्रभारी ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

