आईआईटी रुड़की में चयन होने पर मेधावी का सम्मान
1 min readबारुन।
विकासखंड मिल्कीपुर के ग्राम पंचायत गोठवारा भटौली निवासी अमित कुमार चौरसिया का चयन आईआईटी रुड़की में हुआ है। उन्होंने गेट 2026 की परीक्षा में 510वीं रैंक हासिल की है, जिसके बाद उन्हें आईआईटी रुड़की में एमटेक (इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग एंड कंट्रोल सिस्टम) के लिए चुना गया है। अमित कुमार चौरसिया भाजपा जिला उपाध्यक्ष लालचन्द्र चौरसिया के छोटे सुपुत्र हैं।उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र के लोगों ने बधाई दी और उन्हें सम्मानित किया।
बुधवार सुबह 11 बजे सामाजिक कार्यकर्ता व सोशल वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष संतोष कुमार गुप्ता ने अपने साथियों के साथ मेधावी छात्र का सम्मान करते हुए उसे माला, अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह प्रदान किया। इस मौके पर भाजपा जिला मंत्री कार्यालय प्रवीण सिंह, डॉ. राम भवन प्रजापति, महेश पाल और भाई पंकज चौरसिया, अंशिका चौरसिया, अंतिमा चौरसिया सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे।
अमित कुमार चौरसिया ने अपनी सफलता का श्रेय अपने पिता लाल चन्द्र चौरसिया एवं माता तारावती चौरसिया की प्रेरणा को देते हुए बताया कि उन्होंने नियमित रूप से कॉलेज में पठन-पाठन के साथ-साथ स्वाध्याय करके यह सफलता हासिल की है। अमित ने कहा कि उन्होंने कभी किसी कोचिंग संस्थान का सहारा नहीं लिया है।
मेधावी ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा कक्षा 8 तक रोहिणी मोंटेसरी स्कूल करमडांडा में प्राप्त की। इसके बाद देवा इंटर कॉलेज उसुरू अमौना से हाई स्कूल और एसएसबी इंटर कॉलेज अयोध्या से इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की। उन्होंने राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज कन्नौज से बीटेक की डिग्री हासिल की है।

