June 25, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

निर्जला एकादशी पर मंदिरों में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, महिलाओं ने रखा कठोर निर्जला व्रत,

1 min read
Spread the love

सरमथुरा, धौलपुर
निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर कस्बे के श्रीजी मंदिर, गोविंद जी, बिहारी जी, गोपाल जी सहित एक दर्जन से अधिक मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही मंदिरों में भगवान विष्णु एवं ठाकुरजी के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। विशेष रूप से महिलाओं ने बड़ी संख्या में निर्जला व्रत रखकर परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

निर्जला एकादशी को लेकर मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। वहीं भजन-कीर्तन, धार्मिक अनुष्ठान एवं भगवान के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान विष्णु की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

धार्मिक मान्यता के अनुसार निर्जला एकादशी का हिंदू धर्म में विशेष महत्व माना जाता है। कहा जाता है कि इस दिन श्रद्धा और पूर्ण विधि-विधान से व्रत एवं पूजा करने पर वर्षभर की सभी एकादशियों के व्रत का पुण्य फल प्राप्त होता है। इस व्रत की विशेषता यह है कि श्रद्धालु पूरे दिन अन्न ही नहीं बल्कि जल का भी त्याग कर भगवान विष्णु की आराधना करते हैं।

भीषण गर्मी के बावजूद महिलाओं की आस्था और श्रद्धा देखने लायक रही। महिलाओं ने दिनभर कठोर निर्जला व्रत रखते हुए भगवान से परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्यता और मंगलमय जीवन की कामना की। इसके साथ ही पुरुषों, बुजुर्गों और युवाओं ने भी बड़ी संख्या में मंदिर पहुंचकर दर्शन किए और पूजा-अर्चना की।

श्रीजी मंदिर सहित विभिन्न मंदिरों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। दिनभर मंदिरों में भक्तों की आवाजाही बनी रही और पूरा कस्बा धार्मिक रंग में सराबोर नजर आया। मंदिर समितियों और स्वयंसेवकों द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा एवं दर्शन व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गईं।

श्रद्धालुओं ने देश, प्रदेश और क्षेत्र की सुख-समृद्धि तथा खुशहाली की कामना करते हुए धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लिया। निर्जला एकादशी पर उमड़ी श्रद्धा और आस्था की इस भीड़ ने पूरे कस्बे को भक्तिमय माहौल में रंग दिया।

विजय कुमार शर्मा ब्यूरो

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *