June 12, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

शहीद चंद्रशेखर आजाद पार्क के सौंदर्यीकरण का लोकार्पण, नगरवासियों को मिला नया आकर्षण

1 min read
Spread the love
सुलतानपुर

बस स्टेशन परिसर के समीप स्थित शहीद चंद्रशेखर आजाद पार्क अब नए और आकर्षक स्वरूप में नगरवासियों का स्वागत करेगा।

नगर पालिका परिषद द्वारा पार्क में आधुनिक लाइटिंग, रंग-बिरंगी फसाड लाइट, आकर्षक फव्वारा, बैठने के लिए बेंच तथा अन्य सौंदर्यीकरण कार्य कराए गए हैं।

इन विकास कार्यों का लोकार्पण नगर पालिका परिषद अध्यक्ष प्रवीन कुमार अग्रवाल ने फीता काटकर किया।

लोकार्पण समारोह में नगर पालिका अध्यक्ष ने अमर क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस दौरान आजाद समाज सेवा संगठन के अशोक सिंह, समाजसेवी करतार केशव, सभासदों तथा अन्य गणमान्य नागरिकों ने भी पुष्प अर्पित कर महान क्रांतिकारी को नमन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अध्यक्ष प्रवीन कुमार अग्रवाल ने कहा कि शहीद चंद्रशेखर आजाद पार्क नगर की पहचान और गौरव का प्रतीक है।

नागरिकों एवं सामाजिक संगठनों की लंबे समय से मांग थी कि पार्क को आधुनिक स्वरूप प्रदान किया जाए।

इसी क्रम में यहां आधुनिक रनिंग लाइट, फसाड लाइटिंग और नया फाउंटेन स्थापित किया गया है, जिससे यह स्थान नगरवासियों और बाहर से आने वाले यात्रियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा।

साथ ही साथ उन्होंने बताया कि नगर के अन्य पार्कों और प्रमुख चौराहों के सौंदर्यीकरण की योजनाओं पर भी कार्य जारी है।

पर्यावरण पार्क सहित विभिन्न स्थानों पर आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं, ताकि शहर को स्वच्छ, सुंदर और हरित बनाया जा सके।

नगर पालिका अध्यक्ष ने पार्क की सुरक्षा और रखरखाव के लिए स्थायी व्यवस्था किए जाने की जानकारी देते हुए कहा कि फाउंटेन, प्रकाश व्यवस्था और पौधों की देखरेख के लिए कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय कर दी गई है,जिससे पार्क की सुंदरता लंबे समय तक बरकरार रहे।

इस अवसर पर सभासद रमेश सिंह “टिन्नू” ने नगर पालिका अध्यक्ष के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि दशकों पुराने इस पार्क को आधुनिक साज-सज्जा के माध्यम से नया जीवन मिला है।

उन्होंने कहा कि यह केवल एक पार्क नहीं, बल्कि शहीदों के सम्मान और सामाजिक चेतना का केंद्र है। इसके संरक्षण और देखरेख की जिम्मेदारी समाज के प्रत्येक नागरिक की भी है।

लोकार्पण के बाद पार्क की रंगीन रोशनी और आकर्षक फव्वारे ने लोगों का मन मोह लिया। शाम होते ही जगमगाते आजाद पार्क का नजारा देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी और नगरवासियों को एक नया मनोरम सार्वजनिक स्थल मिल गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *