दुष्कर्म के मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल
1 min readकंचनपुर पुलिस की बड़ी सफलता: दुष्कर्म के मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल,
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित टीम ने की त्वरित कार्रवाई, पीड़िता को दिलाया न्याय,
कंचनपुर,
धौलपुर जिले की कंचनपुर थाना पुलिस ने महिला अपराधों के प्रति अपनी संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए दुष्कर्म के एक गंभीर मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भिजवा दिया है। पुलिस की इस कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान (आईपीएस) के निर्देशन तथा वृत्ताधिकारी धौलपुर ग्रामीण सैंपऊ अनूप सिंह (आरपीएस) के निकटतम सुपरवीजन में थाना प्रभारी रामकिशन यादव के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने लगातार प्रयास करते हुए आरोपी की तलाश की और उसे गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की। थाना प्रभारी कंचनपुर रामकिशन यादव के अनुसार पीड़िता द्वारा 15 मई 2026 को थाना कंचनपुर में अपने देवर के विरुद्ध दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अनुसंधान प्रारंभ किया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था, जिसके चलते पुलिस टीम द्वारा संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दी गई और तकनीकी एवं मानवीय सूचना तंत्र के माध्यम से उसकी तलाश की गई।
लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप 31 मई 2026 को पुलिस टीम ने आरोपी धर्मेन्द्र उर्फ छोटू (28 वर्ष) निवासी ग्राम पवेसुरा, थाना कंचनपुर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ एवं आवश्यक अनुसंधान के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भिजवा दिया गया। थाना प्रभारी कंचनपुर यादव ने आगे बताया कि महिला सुरक्षा और महिला अपराधों की रोकथाम पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाने के लिए प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।

गिरफ्तारी में इन पुलिसकर्मियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका,
रामकिशन यादव, पुलिस निरीक्षक एवं थानाधिकारी, कंचनपुर
फतेह सिंह, एएसआई
पूरणमल, कांस्टेबल
सुरेन्द्र सिंह, कांस्टेबल
पंकज सिंह, कांस्टेबल
सुरेन्द्र सिंह, कांस्टेबल।
कंचनपुर पुलिस की इस कार्रवाई को महिला सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है। पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अपराध या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
