गैंगस्टरों की स्कॉर्पियो में दारोगा की सवारी,चौकी इंचार्ज पर उठे गंभीर सवाल, जांच की मांग
1 min readवलीपुर चौकी इंचार्ज पर उठे गंभीर सवाल, जांच की मांग तेज
सुलतानपुर।

बल्दीराय थाना क्षेत्र के वलीपुर चौकी से जुड़ा एक मामला सामने आने के बाद पुलिस विभाग पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। आरोप है कि चौकी इंचार्ज भरत सिंह को हेमनापुर के कथित गैंगस्टरों राकेश यादव और अमरजीत यादव की स्कॉर्पियो वाहन में देखा गया। बताया जा रहा है कि दोनों आरोपी वर्तमान में जेल में बंद हैं।
जानकारी के अनुसार, राकेश यादव और अमरजीत यादव पर कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और उन्हें क्षेत्र के कुख्यात अपराधियों में गिना जाता है। ऐसे में उनके नाम से जुड़ी लग्जरी गाड़ी में एक पुलिस अधिकारी के नजर आने की बात सामने आने के बाद तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मामला केवल एक वाहन में मौजूदगी तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे पुलिस की कार्यप्रणाली और निष्पक्षता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों में यह चर्चा आम है कि यदि पुलिस और कथित अपराधियों के बीच किसी प्रकार का संबंध है, तो आम जनता को न्याय कैसे मिलेगा।
घटना के बाद क्षेत्र में इस पूरे मामले को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। लोग यह भी सवाल उठा रहे हैं कि जेल में बंद व्यक्तियों से जुड़ी गाड़ी का उपयोग आखिर किस परिस्थिति में हो रहा है और उसमें पुलिस अधिकारी की मौजूदगी कैसे हुई।
मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर जांच की मांग उठने लगी है। लोगों ने उच्चाधिकारियों से प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की है….।।
