April 15, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

संविधान निर्माण में डॉ. अम्बेडकर की भूमिका अतुल्य :- जिला कलक्टर

1 min read
Spread the love

भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर विविध कार्यक्रमों का हुआ आयोजन
संविधान निर्माण में डॉ. अम्बेडकर की भूमिका अतुल्य- जिला कलक्टर
धौलपुर,

भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर जिले में विविध कार्यक्रमों का आयोजन उत्साह और गरिमा के साथ किया गया। मुख्य समारोह में जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी ने बतौर मुख्य अतिथि भाग लेते हुए बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर जिला कलक्टर ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. अंबेडकर द्वारा निर्मित भारतीय संविधान देश को समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व का मार्ग दिखाता है। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर का जीवन शिक्षा, संघर्ष और संगठन के माध्यम से सामाजिक परिवर्तन का सशक्त उदाहरण है। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन समाज के वंचित, पिछड़े और उपेक्षित वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित किया।
जिला कलक्टर ने कहा कि संविधान निर्माण में डॉ. अंबेडकर की भूमिका अतुल्य रही है। भारतीय संविधान विश्व का सबसे विस्तृत लिखित संविधान है, जो लोकतांत्रिक गणराज्य की मजबूत नींव प्रस्तुत करता है।
इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष राजवीर सिंह कहा कि संविधान में न केवल विभिन्न देशों के श्रेष्ठ प्रावधानों का समावेश है, बल्कि भारत की सांस्कृतिक और दार्शनिक परंपराओं का भी प्रतिबिंब है। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम का उल्लेख करते हुए महात्मा गांधी, सुभाष चंद्र बोस, सरदार पटेल, वीर सावरकर सहित अनेक महापुरुषों के योगदान को स्मरण किया, जिनके प्रयासों से स्वतंत्र और लोकतांत्रिक भारत का निर्माण संभव हो सका।
कार्यक्रम में नागेश रामपुरिया, डॉ. शिवचरण कुशवाह सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए बाबा साहेब के सिद्धांतों को आज के समय में अत्यंत प्रासंगिक बताया।
कार्यक्रम में छात्रा हिमांशी ने संविधान की प्रस्तावना का वाचन कर कार्यक्रम में विशेष प्रभाव उत्पन्न किया।
इस अवसर पर सीएमएचओ धर्मसिंह मीना, डीईओ सुखो देवी, आईसीडीएस उप निदेशक भूपेश गर्ग, सहायक निदेशक राजकुमार मीना सहित सभी अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के सदस्य, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन गोविंद शर्मा द्वारा किया गया, जबकि अंत में समाज कल्याण अधिकारी देवेंद्र सिंह जांगल ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

ब्यूरो विजय शर्मा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *