जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बालवर्धन परियोजना के तहत मिलेट बार वितरण का शुभारंभ
1 min read
धौलपुर,

जिले के ओदी का पुरा में नन्दघर के रूप में विकसित आंगनबाड़ी केंद्र पर जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी के मुख्य आतिथ्य में अनिल अग्रवाल फाउंडेशन द्वारा शुरू बालवर्धन परियोजना के अंतर्गत बच्चों के पोषण हेतु मिलेट बार वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में जिला कलक्टर ने बच्चों को मिलेट बार वितरित किए और आंगनवाड़ी केंद्रों के सुदृढ़ीकरण पर जोर दिया।
यह पहल वेदान्ता, अनिल अग्रवाल फाउंडेशन के द्वारा महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के सहयोग से संचालित की जा रही है। कार्यक्रम का क्रियान्वयन अर्पण सेवा संस्थान द्वारा किया जा रहा है। जिला कलेक्टर ने मिलेट्स (मोटे अनाज) के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आधुनिक जीवन शैली में इस बात की आवश्यकता है कि मोटे अनाजों को हमारे दैनिक खान-पान में शामिल किया जाए। यह मिलेट बार बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए बहुत अच्छा कदम है और जिले में कुपोषण मुक्ति की दिशा में बहुत मदद मिलेगी। जिला कलक्टर ने आँगनबाड़ी केंद्रों के विभिन्न योजनाओं में निर्माण, मरम्मत, भौतिक सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की।
उपनिदेशक भूपेश गर्ग ने नन्दघर फाउंडेशन द्वारा आंगनबाड़ी केंद्रों के अपग्रेडेशन,राज्य सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाओं, मुख्यमंत्री न्यूट्री किट योजना पर चर्चा की। इस अवसर पर केंद्र पर 3 गर्भवती महिलाओं को न्यूट्री किट प्रदान की गई।
वेदांता प्रतिनिधि श्रीमती प्रियंका ने संस्थान की सामाजिक जिम्मेदारी और श्नंद घरश् के माध्यम से दी जा रही सुविधाओं के बारे में जानकारी साझा की। इस अवसर पर नन्दघर फाउंडेशन द्वारा केंद्र के बच्चों को यूनिफॉर्म, बैग, बोतल वितरण किए गए।
कार्यक्रम में सहायक लेखा अधिकारी मांगी लाल आर्य, अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी भगवान सिंह, वरिष्ठ सहायक अंकुर शर्मा, महिला पर्यवेक्षक रोहित कुमारी मीना, ओदी ग्राम पंचायत के प्रशासक, विशाल उपाध्याय, अर्पण संस्थान से मुकेश शर्मा, रामनरेश सिकरवार ओदी का पुरा केंद्र की कार्यकर्ता, सहायिका, आशा और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
ब्यूरो विजय शर्मा
