टीचर्स सेल्फ केयर टीम की मिसाल,दिवंगत शिक्षिका के परिवार को 50 लाख की आर्थिक सहायता
1 min readसुलतानपुर में टीचर्स सेल्फ केयर टीम की मिसाल,दिवंगत शिक्षिका के परिवार को 50 लाख की आर्थिक सहायता
सुलतानपुर/अखंडनगर

जनपद सुलतानपुर के ब्लॉक अखंडनगर अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय हसनपुर टैनी की दिवंगत शिक्षिका सुनीता देवी (शिमि) के परिवार के प्रति शिक्षक समाज ने एक बार फिर संवेदनशीलता और एकजुटता की अनूठी मिसाल पेश की है। टीचर्स सेल्फ केयर टीम (TSCT) परिवार द्वारा उनके नामिनी पति बुद्धिराम प्रजापति को लगभग 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता सीधे खाते में हस्तांतरित की गई।
गौरतलब है कि सुनीता देवी का निधन 11 मार्च 2025 को सिर में गंभीर चोट लगने के कारण हो गया था। इस दुखद घटना के बाद टीएससीटी ने तत्परता दिखाते हुए पूरे प्रदेश के शिक्षकों को एक मंच पर जोड़ा और छोटी-छोटी सहयोग राशि से बड़ा संबल तैयार किया।
टीएससीटी जनपद प्रवक्ता वैभव सिंह ने बताया कि प्रदेश भर से 3 लाख से अधिक सदस्यों द्वारा मात्र 15 रुपये 50 पैसे के सहयोग से यह बड़ी राशि जुटाई गई, जो सीधे नामिनी के खाते में भेजी गई। वहीं संयोजक अरुण कुमार सिंह के अनुसार, संस्था ने महज 10 दिनों में प्रदेश के 20 परिवारों को लगभग 10 करोड़ रुपये की सहायता प्रदान की है।
प्रांतीय पदाधिकारी पूनम झा ने सुलतानपुर जनपद के करीब 8000 सदस्यों के योगदान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था का मूल मंत्र “आज का सहयोग, कल का सहारा” है। संस्था की स्थापना वर्ष 2020 में प्रयागराज के विवेकानंद आर्य द्वारा साथियों के सहयोग से की गई थी। तब से अब तक टीएससीटी ने 536 दिवंगत शिक्षकों के परिवारों को लगभग 237 करोड़ 36 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान कर एक ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित किया है। इस अवसर पर टीएससीटी से जुड़े शिक्षकों ने भावुक शब्दों में कहा कि, “हम सभी शिक्षक हैं और शिक्षक का कार्य ही समाज का मार्गदर्शन करना है। हम अपने साथी का स्थान तो नहीं ले सकते, लेकिन दुख की इस घड़ी में उनके परिवार के साथ खड़े होकर उनका मनोबल जरूर बढ़ा सकते हैं।” टीएससीटी में बेसिक, माध्यमिक, डायट के शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक एवं अनुचर सदस्य बनकर इस सामाजिक पहल का हिस्सा बन सकते हैं।यह पहल न केवल आर्थिक सहयोग का माध्यम है, बल्कि शिक्षक समाज की एकता, संवेदनशीलता और मानवता की सशक्त पहचान भी बन चुकी है।
