March 21, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

पीडब्ल्यूडी का सड़क कट मरम्मत के लिए विशेष अभियान आरम्भ

1 min read
Spread the love

पीडब्ल्यूडी का सड़क कट मरम्मत के लिए विशेष अभियान आरम्भ
जिले में प्रमुख मार्गों का हुआ मरम्मतीकरण, आमजन को मिली राहत
धौलपुर,

जिला कलक्टर श्रीनिधि बीटी के निर्देशानुसार धौलपुर जिले के शहरी एवं अर्द्ध-शहरी क्षेत्रों में सड़क कट (रोड कट) की मरम्मत हेतु सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा विशेष गहन अभियान चलाया गया। अभियान के तहत शहर के प्रमुख मार्गों, बाजार क्षेत्रों तथा व्यस्त यातायात वाले स्थानों पर प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कार्य कराए गए, जिससे आमजन को काफी राहत मिली है।
पीडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियंता मधुसूदन राव ने जानकारी देते हुए बताया कि विभिन्न विभागों—जैसे जलदाय, विद्युत, दूरसंचार आदि—द्वारा पूर्व में की गई सड़क कटिंग के कारण कई स्थानों पर सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई थीं। इन स्थानों पर गड्ढे बनने से न केवल यातायात बाधित हो रहा था, बल्कि दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती थी। अभियान के अंतर्गत ऐसे सभी चिन्हित स्थानों पर त्वरित मरम्मत कार्य कर सड़क को समतल एवं सुरक्षित बनाया गया।
उन्होंने बताया कि धौलपुर शहर के प्रमुख मार्गों सहित, मुख्य बाजारों एवं कॉलोनियों में सड़क कट मरम्मत को प्राथमिकता दी गई। कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि बार-बार समस्या उत्पन्न न हो।
अभियान के दौरान संबंधित अधिकारियों द्वारा मौके पर जाकर निरीक्षण भी किया गया तथा कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है। साथ ही सभी विभागों को निर्देशित किया गया है कि भविष्य में किसी भी प्रकार की सड़क कटिंग के बाद निर्धारित समयसीमा में मरम्मत कार्य अनिवार्य रूप से पूर्ण करें।
अधीक्षण अभियंता ने बताया कि यह विशेष अभियान आगामी दिनों में भी जारी रहेगा।

ब्यूरो विजय शर्मा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *