जेल में एक और कैदी की संदिग्ध मौत,परिजनों ने लगाया साजिशन हत्या का आरोप
1 min readगोंडा जिला जेल में एक कैदी की संदिग्ध मौत,परिजनों ने लगाया साजिशन हत्या का आरोप
गोंडा।

जिला कारागार में बंद एक कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से हड़कंप मच गया है। मृतक मनोज, जो पिछले नौ महीनों से हत्या के आरोप में जेल में बंद था, बुधवार को जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मृत घोषित किया गया। मौत की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए और जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए साजिशन हत्या का दावा किया है। मनोज पर दत्तनगर विसेन निवासी इंद्रसेन की हत्या का आरोप था। इसी साल 16 मार्च को पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए मनोज सहित अन्य नामजदों को गिरफ्तार किया था। हत्या के इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने इंद्रसेन का धड़ अलग और सिर खैरा गांव से बरामद किया था, जिसके बाद मामला चर्चाओं में रहा। बुधवार को मनोज की अचानक तबीयत बिगड़ने पर जेल प्रशासन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। जेल प्रशासन ने प्रारंभिक तौर पर मनोज की मौत को हार्ट अटैक बताया है। वहीं, मृतक के परिजनों ने इसे पूर्ण रूप से संदिग्ध बताते हुए जेल कर्मियों पर मनोज की हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों ने कहा कि मनोज बिल्कुल स्वस्थ था और उसकी मौत सामान्य नहीं लगती। घटना के बाद जिला अस्पताल और जेल प्रशासन दोनों जगह माहौल तनावपूर्ण हो गया। परिजनों ने निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस और जिला प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना ने जिला जेल सुरक्षा व्यवस्था और बंदियों की सुरक्षा पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
