वकील को गोली मारने के मामले में बड़ी कार्रवाई, पुलिस ने दो सगे भाइयों समेत चार को किया गिरफ्तार
1 min readअयोध्या
कुछ दिनों पूर्व चर्चित मामले में पुलिस ने पायी कामयाबी अधिवक्ता आलोक सिंह पर हुए जानलेवा हमले में दो सगे भाइयों सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पकड़े गए लोगों में लवकुशनगर निवासी मोहित पांडेय उसका भाई धर्मवीर तथा साथी सूरज एवं अताउल्ला शामिल हैं। कार्रवाई की पुष्टि कोतवाल अयोध्या मनोज शर्मा ने की है।
गत दो अक्टूबर की शाम अयोध्या धाम में रामघाट के पास अधिवक्ता आलोक सिंह को लवकुश नगर निवासी मोहित पांडेय ने गोली मारी थी। हमले के बाद लोगों ने मोहित को पकड़ कर उसकी पिटाई कर दी थी। आलोक का लखनऊ के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
मोहित के भाई धर्मवीर ने कुछ माह पहले आलोक सिंह पर प्राथमिकी दर्ज कराई थी, जिसमें आलोक पर हमला करने का आरोप लगाया था। इसके बाद आलोक ने न्यायालय से धर्मवीर पर प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
आलोक के भाई बृजेश की ओर से दर्ज कराई गई प्राथमिकी में मोहित और उसके भाई धर्मवीर, धीरज व उनके सहयोगी सूरज निषाद व अज्ञात पर हमले का आरोप लगाया गया है।
इस हमले की साजिश रचने का आरोपी अनूप गुप्ता को बताया गया है। रविवार को मोहित और उसके भाई धर्मवीर, धीरज व उनके सहयोगी सूरज निषाद तथा अताउल्ला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

