February 15, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

प्रभारी सचिव आशीष मोदी के नेतृत्व में ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविर का किया निरीक्षण

1 min read
Spread the love

प्रभारी सचिव आशीष मोदी ने ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविर का किया निरीक्षण
लाभार्थियों को योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने के दिए निर्देश
धौलपुर राजस्थान

राज्य सरकार द्वारा शहरी व ग्रामीण नागरिकों को प्रदत्त सेवाओं के शीघ्र निस्तारण एवं जन समस्याओं के समाधान हेतु सेवा पर्व पखवाड़ा के अन्तर्गत 17 सितम्बर से शहरी सेवा शिविरों व ग्रामीण सेवा शिविरों का शुभारंभ हुआ। जिले में ग्रामीण सेवा शिविर के तहत उपखण्ड धौलपुर के पचगांव एवं उपखण्ड सैपऊ के गढ़ी चटौला तथा शहरी सेवा शिविर के तहत पंचायत समिति धौलपुर का जिला प्रभारी सचिव आशीष मोदी एवं जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी ने निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया और वहां दी जा रही सेवाओं की जानकारी ली। प्रभारी सचिव ने अधिकारियों और कार्मिकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिविर में पहुंचने वाले प्रत्येक पात्र लाभार्थी को सरकार की मंशानुसार योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी रूप से दिया जाए। उन्होंने राजस्व विभाग की स्टॉल पर पत्थरगढ़ी व सीमाज्ञान प्रकरणों के निस्तारण, नामांतरण के लंबित मामलों का निपटारा, रास्तों से जुड़ी समस्याओं का समाधान, विरासत का बंटवारे के प्रकरणों के बारे में जानकारी लेकर शीघ्र एवं अधिकतम निस्तारण हेतु निर्देशित किया।
उन्होंने पीएचईडी को पेयजल टंकियों की सफाई और लीकेज मरम्मत के कार्य शीघ्र पूर्ण करने को कहा। उन्होंने एफ़एचटीसी के बारे में जानकारी लेकर ठेकेदार के माध्यम से सड़कों को दुरुस्त कराए जाने हेतु निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने जेवीवीएनएल को नए कनेक्शन शीघ्र जारी करने, वीसीआर प्रकरणों को निपटाने एवं विद्युत लाइनों के पास पेड़ पौधों की छंटाई हेतु निर्देशित किया। उन्होंने सामाजिक सुरक्षा विभाग को पेंशन सत्यापन, नए आवेदन एवं दिव्यागों को डिजिटल विशिष्ट पहचान प्रमाण पत्र बनवाए जाने में सहायता करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने नमो वन नमो पार्क योजना के तहत नरपुरा में पौधारोपण किया। फसल बीमा योजना के तीन लाभार्थियों को बीमा पॉलिसी का वितरण किया एवं मंगला पशु बीमा योजना के अन्तर्गत महिला पशुपालकों को बीमा पॉलिसी का वितरण किया।
प्रभारी सचिव एवं जिला कलक्टर ने ग्रामीण विकास, शिक्षा, कृषि, पशुपालन समेत अन्य विभागों की गतिविधियों की भी गहन समीक्षा की। उन्होंने एनएफएसए के लंबित प्रकरणों के निस्तारण, आधार सीडिंग, ई-केवाईसी कराए जाने हेतु निर्देश दिए। प्रभारी सचिव ने ग्रामीणजनों से अपील की कि अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में भाग लें और पात्रतानुसार सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करें। उन्होंने मृदा नमूना संग्रहण व मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरण, बीपीएल परिवारों का सर्वे, मंगला पशु बीमा में रजिस्टर्ड पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण, स्वामित्व पट्टों का वितरण, लंबित नल कनेक्शनों का समाधान, पशुओं के टीकाकरण व उपचार, आयुष्मान कार्ड वितरण, और स्कूलों में नामांकन बढ़ाने के लिए प्रवेशोत्सव जैसे कार्यों पर विस्तृत निर्देश दिए।
16 रोगियों को वितरित की निक्षय पोषण किट-
शिविर में प्रभारी सचिव एवं जिला कलक्टर ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को विशेष रूप से टीबी मरीजों को निक्षय किट उपलब्ध कराने एवं उपचार के फॉलोअप करने के निर्देश दिए, ताकि टीबी रोगियों को पूर्ण स्वस्थ किया जा सके। इस दौरान उन्होंने 16 टीबी रोगियों को निक्षय किट प्रदान की। उन्होंने रोगी को नियमित उपचार कराने की सलाह दी। इस दौरान उन्होंने आशा कार्यकताओं द्वारा दी जा रही विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में उनसे जानकारी ली।
सेवा पखवाड़े के दौरान रक्तदान शिविर का किया निरीक्षण-
सेवा पखवाड़े के अन्तर्गत पुराने जिला अस्पताल परिसर में आयोजित रक्तदान शिविर में जिला प्रभारी सचिव एवं जिला कलक्टर ने शामिल होकर रक्तदाताओं का मनोबल बढ़ाया। इस दौरान उन्होंने कहा कि रक्तदान करना एक पुनीत कार्य है। रक्तदान कई जिन्दगियों को बचाने का कार्य करता है। सभी स्वस्थ व्यक्ति स्वेच्छा से आगे आकर रक्तदान करें। ताकि किसी जरूरतमंद को तत्काल राहत मिल सकें। शिविर में 39 यूनिट रक्त संकलन किया गया। इस दौरान उपखंड अधिकारी डॉ. साधना शर्मा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. धर्मसिंह मीना सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

ब्यूरो विजय कुमार शर्मा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *