बुंदेलखंड राज्य आंदोलन को लेकर सामाजिक संगठनों से संवाद, झांसी कार्यशाला में सहभागिता का आह्वान
1 min read
प्रशिक्षण से कार्यकर्ताओं को आंदोलन में गति मिलेगी – प्रवीण
बांदा
बुंदेलखंड राज्य निर्माण आंदोलन को सशक्त बनाने के लिए बुंदेलखंड राष्ट्र समिति के केंद्रीय अध्यक्ष प्रवीण पांडेय ने बांदा में विभिन्न सामाजिक संगठनों के साथियों और सहयोगियों से मुलाकात की। इस दौरान आगामी राष्ट्रीय कार्यकर्ता कार्यशाला (जो 23 से 25 मार्च 2025 तक भानीदेवी गोयल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, झांसी में आयोजित होगी) में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।
इस संवाद बैठक में क्षेत्रीय संयोजक प्रेम सागर, दिनेश यादव, सुरेश यादव और जैविक कृषि अभियान के नीरज बाजपेई सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक में आंदोलन को व्यापक बनाने, अधिक संगठनों को जोड़ने और झांसी कार्यशाला को सफल बनाने पर चर्चा की गई।
प्रवीण पांडेय ने कहा कि बुंदेलखंड राज्य आंदोलन अब निर्णायक मोड़ पर है, और इसे सफल बनाने के लिए केवल विधायकों ही नहीं, बल्कि सांसदों को भी खुलकर समर्थन देना होगा। उन्होंने कहा कि महागठबंधन की दिशा में तेजी से प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठन एक मंच पर आ सकें।
राष्ट्रीय कार्यकर्ता कार्यशाला में पूरे बुंदेलखंड से कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के संवाद कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने सभी संगठनों से अपील की कि वे इस आंदोलन को मजबूती प्रदान करने के लिए कार्यशाला में शामिल हों और बुंदेलखंड के भविष्य के लिए एकजुट हों।

