भाजपा से जुड़े कार्यकर्ता रहे सक्रिय तो वहीं विपक्षी कार्यकर्ताओं में रही खामोशी
1 min readमिल्कीपुर में 65.25% के साथ जमकर बरसे वोट
भाजपा से जुड़े कार्यकर्ता रहे सक्रिय तो वहीं विपक्षी कार्यकर्ताओं में रही खामोशी
मिल्कीपुर (अयोध्या)
मिल्कीपुर विधानसभा उपचुनाव में बुधवार शाम 5 बजे तक अनुमानित 65.25 प्रतिशत मतदान हुआ। निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर शाम को यह अनुमानित आंकड़ा जारी किया गया। फिलहाल फाइनल आंकड़े आना अभी बाकी है। राजनीति के जानकारों का मानना है कि मिल्कीपुर उपचुनाव में इस बार उम्मीद से अधिक रिकॉर्ड मतदान हुआ है। चुनाव आयोग के अनुसार मतदान शांतिपूर्वक हुआ है। वहीं दूसरी ओर वोटिंग के दौरान मुख्य विपक्षी दल सपा और सत्ता पक्ष के बीच पूरे दिन आरोप प्रत्यारोप का दौर जारी रहा।भाजपा से जुड़े कार्यकर्ता काफी सक्रिय दिखाई दिए परन्तु विपक्षी दलों के कार्यकर्ताओं में खामोशी दिखाई पड़ी। इसके अलावा पोलिंग बूथों पर पहुंचे युवा,विकलांग,बुजुर्ग सभी ने मतदान को लेकर काफी उत्साह दिखाया। खिहारन बूथ पर पहली बार मतदान करने पहुंची श्रेया मौर्य ने कहा कि लोकतंत्र का हिस्सा बनकर काफी अच्छा लग रहा है, वह क्षेत्र के विकास के नाम पर वोट कर रही है।बारुन बाजार निवासी शिल्बिया नाज ने रोजगार के मुद्दे पर अपना पहला वोट डाला कहा कि युवाओं को रोजगार मिलना चाहिए।मॉडल बूथ कुचेरा पर अश्वनी गुप्ता ने राष्ट्रवाद के नाम पर अपना वोट दिया।कांग्रेस के बागी उम्मीदवार भोलानाथ भारती ने मीठेगांव बूथ पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।मताधिकार का प्रयोग करने में विकलांग भी पीछे नहीं रहे समाजसेवी लाल चन्द्र चौरसिया तथा उनके साथी अरुण शुक्ला,ओम प्रकाश चौहान,कन्हैया लाल यादव ने विकलांग शिवनारायन पासवान (23) को चारपाई पर ले जाकर नउवाढाक बूथ पर वोट डलवाने में मदद किया तो वहीं दूसरी ओर मेहदौना निवासी 60 वर्षीय मो कुद्दूस अपनी व्हील चेयर से मतदान करने पोलिंग बूथ पहुंचे। मतदान करने में बुजुर्ग भी पीछे नहीं रहे खिहारन निवासी 79 वर्षीय कमाल अहमद खान,80 वर्षीय शाकिरा बानो,84 वर्षीय आबिदा खातून ने भी पोलिंग बूथ पर पहुंचकर अपना वोट डाला।उपचुनाव में मतदान करने को लेकर ग्रामीणों में काफी उत्साह देखने को मिला है।खिहारन में ग्राम प्रधान अजीत मौर्य,इंद्रजीत बीडीसी,संतोष गुप्ता तथा रजऊपुर में जगन्नाथ पाठक,जय प्रकाश यादव और करमडांडा में ग्राम प्रधान मुकेश पंडित एवं शीतला प्रसाद तिवारी ने अपने-अपने बूथों पर पहला वोट डालने की बात बताई।बारुन बाजार में पोलिंग बूथ संख्या 299 पर शिकायत होने के बाद पीठासीन अधिकारी को बदले जाने का मामला सामने आया है इस सम्बन्ध में सेक्टर मजिस्ट्रेट ने बताया कि इस बूथ पर मतदान धीमा चल रहा था,स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने के कारण पीठासीन अधिकारी को बदला गया है।क्षेत्र के खिहारन बूथ संख्या 320 पर इस बार रिकॉर्ड तोड़ 83% मतदान हुआ है जो कि इस बूथ पर इससे पहले कभी नहीं हुआ है। पूरे विधानसभा क्षेत्र में लगभग सभी बूथों पर इस बार जमकर वोट डाले गए हैं।मतदान के पूरे दिन पुलिस और अर्ध सैनिक बलों के जवान बड़ी मुस्तैदी से उपचुनाव को संपन्न कराने के लिए पूरे दिन विधानसभा क्षेत्र में डटे रहे।

