छ: वर्षीय बच्ची के दुष्कर्म के आरोपी के घर पहुंची राजस्व टीम, अवैध कब्जे का आंकलन शुरू,चल सकता है बुल्डोजर
1 min readअयोध्या
महराजगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में दलित मासूम बालिका से दुष्कर्म के आरोपी सलमान के घर राजस्व टीम बुधवार की दोपहर पहुंच गई।
अवैध कब्जा आदि का आंकलन किया। वहीं दूसरी तरफ गांव के प्रधान से मुख्यमंत्री कार्यालय ने पूरे मामले की जानकारी ली है। प्रमुख सचिव गृह ने पीड़िता की आर्थिक स्थिति सहित जिला प्रशासन की कार्रवाई का फीडबैक लेने के साथ पीड़िता के स्वास्थ्य की जानकारी भी ली है।
पूरा कलंदर थाना क्षेत्र के भदरसा में हुए रेपकांड के बाद महाराजगंज थाना क्षेत्र में एक दलित चार वर्षीय मासूम के साथ दुष्कर्म के मामले में योगी सरकार एक्टिव मोड में है। शासन स्तर के अधिकारी पल-पल का फीडबैक ले रहे हैं। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि आशुतोष सिंह ने बताया कि बुधवार दोपहर राजस्व टीम ने आरोपी के घर व आसपास क्षेत्र का मुआयना किया है। उन्होंने बताया कि इसी के साथ उनके पास भी मुख्यमंत्री कार्यालय से फोन आया था और पूरे मामले की जानकारी उनके माध्यम से ली गई। इसके कुछ देर बाद ही प्रमुख सचिव गृह सजंय प्रसाद ने भी घटना के बाबत फोनकर कार्यवाही आदि की जानकारी ली है।
मासूम की नानी ने बताया कि पीड़िता गोसाईंगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में रहती है। रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर वह अपनी मां के साथ ननिहाल आई थी। रोते हुए नानी ने बताया कि यदि वो जानती कि इस प्रकार का कलंक लग जायेगा तो नातिन को न रोकती। उसे उसी समय भेज देती। घर पर ढांढस बंधाने पहुंचीं स्थानीय महिलाओं ने घटना की निंदा करते हुए आरोपी पर सख्त से सख्त कार्यवाही की मांग की है।
पुलिस सूत्रों की माने तो आरोपी की कुंडली खंगालने में पुलिस जुट गई है। शुरुआती छानबीन में पर उसे छेड़खानी के कुछ मामले होने की जानकारी मिली है। आरोपी मोहम्मद अहमद उर्फ सलमान कोछा बाजार स्थित अमाए गांव में भी इसी प्रकार की हरकत करता रहा है। मामला छेड़खानी तक सीमित था इसलिए कोई मुकदमा पंजीकृत नहीं हुआ। गलत हरकतों के कारण ही परिजनों ने सलमान की शादी कर कुमिहिया में व्यवस्थित कर दिया। कुछ वर्ष बाद ससुर असगर अली की मृत्यु हो गयी।
आरोपी की पत्नी रुबीना ने बताया कि वह इस समय अपने एक बच्चे के साथ अकेले घर पर रह रही है। घटना के दिन वह अयोध्या में एक बीमार रिश्तेदार को देखने गयी थी।

