कैंसर से जंग जीत अयोध्या के वागीश बने असिस्टेंट प्रोफेसर, जिले का नाम किया रोशन
1 min readकैंसर से जंग जीत अयोध्या के वागीश बने असिस्टेंट प्रोफेसर, जिले का नाम किया रोशन-
अयोध्या

जिले के मिल्कीपुर तहसील के छोटे से गाँव बलारमऊ निवासी किसान पवनकुमार शुक्ल के बेटे वागीश शुक्ल ने उत्तर प्रदेश उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग द्वारा हिन्दी विषय से असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर चयनित होकर जिले का नाम रोशन किया है| बचपन से ही होनहार वागीश ने प्रारंभिक शिक्षा गाँव के ही गायत्री विद्या मंदिर से हाईस्कूल की परीक्षा उत्तीर्ण की तथा इंटरमीडिएट राष्ट्रीय विद्यापीठ इंटर कालेज से किया| प्रारंभिक शिक्षा गाँव से ही ग्रहण करने के बाद स्नातक काशी हिन्दू विश्वविद्यालय, वाराणसी से तथा परास्नातक की शिक्षा हिन्दू कालेज, दिल्ली विश्वविद्यालय से ग्रहण की| परास्नातक की शिक्षा के दौरान उन्हें कैंसर से संघर्ष करना पड़ा| करीब दो साल के लम्बे संघर्ष के बाद अपने अदम्य साहस और जिजीविषा से वागीश ने न केवल कैंसर पर जीत हासिल अपितु पुन: अपनी शिक्षा की शुरुआत कर परिवार और क्षेत्र को गौरवान्वित किया| ध्यातव्य हो कि वागीश ने हाल ही में यूजीसी जेआरअफ की परीक्षा भी उत्तीर्ण की| छात्र जीवन से ही वागीश वाद- विवाद, संभाषण, युवा संसद जैसी प्रतियोगिता में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेते रहे| वर्तमान में वह हैदराबाद केन्द्रीय विश्वविद्यालय से पीएचडी कर रहे हैं| असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर चयनित होने के बाद वागीश ने अपनी सफलता का श्रेय ईश्वर, माता- पिता, दादा, चाचा व परिवार के अन्य सभी सदस्यों और गुरूजनों के आशीर्वाद तथा मित्रों के सहयोग को दिया, साथ ही अपने संघर्ष के दौरान जिसका भी सहयोग मिला, सभी के प्रति आभार व्यक्त किया| इस मौके पर उन्होंने अपने बड़े भैया, चिकित्सक और सहयोगी स्टाफ़ को विशेष धन्यवाद दिया, जिनकी वजह से उन्होंने अपनी ज़िंदगी के संघर्ष को पीछे छोड़ इस मुकाम को हासिल किया| वागीश की सफलता से क्षेत्रवासी हर्षित हैं| क्षेत्रवासियों का कहना है कि उसका जज्बा और साहस काबिलेतारीफ है| उसकी कहानी अपने आप में सभी के लिए प्रेरणास्रोत है|
