संवेदनशील मतदान केंद्रों पर रहेगी विशेष निगरानीमतदान केंद्रों का निरीक्षण
1 min readधौलपुर, राजस्थान।
पंचायत चुनाव को लेकर धौलपुर पुलिस अलर्ट, संवेदनशील मतदान केंद्रों पर रहेगी विशेष निगरानी
मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर ग्रामीणों को दिया निर्भीक मतदान का संदेश, गड़बड़ी करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई,
धौलपुर,
आगामी पंचायत राज चुनावों को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए धौलपुर पुलिस ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा एवं एडीएफ बाड़ी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रवण कुमार झोरड़ के सुपरविजन में चुनावी व्यवस्थाओं की निगरानी की जा रही है।
इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा ने सीओ मनोहर लाल एवं सैंपऊ थाना प्रभारी अमित कुमार शर्मा के साथ सहरोली, राजौरा खुर्द, झीलरा, दौनारी सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों के मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान ग्रामीणों से संवाद कर उन्हें बिना किसी भय, दबाव या प्रलोभन के मतदान करने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि संवेदनशील एवं अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। चुनाव के दौरान मतदाताओं को डराने-धमकाने, मतदान प्रक्रिया में बाधा डालने या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शांति व्यवस्था प्रभावित करने की आशंका वाले व्यक्तियों को चिन्हित कर पाबंद करने की कार्रवाई भी की जा रही है।
पुलिस ने ग्रामीणों से शांतिपूर्ण चुनाव में सहयोग करने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में निर्भीक होकर भाग लेने की अपील की है।
विजय कुमार शर्मा ब्यूरो

