मिशन शिक्षण संवाद टीम अलीगढ़ की पहल सराहनीय, प्रशस्ति पत्र देकर विद्यालय को किया सम्मानित
1 min read
बच्चों के साथ मध्याह्न भोजन करने की पहल से शिक्षकों और विद्यार्थियों के बीच बढ़ा आत्मीय संबंध
अलीगढ़। मिशन शिक्षण संवाद टीम अलीगढ़ की ओर से संचालित ‘आओ, एक दिन बच्चों के साथ मध्याह्न भोजन करें’ पहल के अंतर्गत 21 अक्टूबर 2026 को आयोजित कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करने वाले विद्यालय को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस पहल का उद्देश्य शिक्षकों और विद्यार्थियों के बीच आत्मीयता बढ़ाना तथा बच्चों के साथ समय बिताकर उनके चेहरों पर मुस्कान लाना है।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकों ने बच्चों के साथ बैठकर मध्याह्न भोजन किया और उनके साथ अपनत्व का भाव साझा किया। इस पहल को शिक्षा के क्षेत्र में एक सकारात्मक एवं प्रेरणादायक कदम माना जा रहा है। मिशन शिक्षण संवाद टीम अलीगढ़ ने विद्यालय के योगदान की सराहना करते हुए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया तथा भविष्य में भी इसी उत्साह के साथ शैक्षिक गतिविधियों में सहभागिता करने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय की इंचार्ज प्रधानाध्यापिका संघमित्रा ने मिशन शिक्षण संवाद टीम अलीगढ़ के प्रति हृदय की गहराइयों से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि टीम द्वारा शुरू की गई यह अनूठी पहल शिक्षकों को बच्चों के साथ बेहतर संबंध स्थापित करने और शिक्षा के वातावरण को अधिक आनंदमय बनाने के लिए प्रेरित करती है।
उन्होंने मिशन शिक्षण संवाद टीम का धन्यवाद करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यालयों में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ शिक्षकों को और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने भविष्य में भी बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।

