तेज रफ्तार वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, एक युवक का पैर टूटा, मुकदमा दर्ज
1 min readगोंडा। करनैलगंज थाना क्षेत्र के बालपुर पुलिस चौकी के सामने 14 अक्टूबर की शाम हुए सड़क हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने पीड़ित के भाई की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता आनन्द मिश्रा पुत्र भवानी भीख मिश्रा, निवासी पंडितपुरवा हरसिंहपुर, थाना करनैलगंज ने थाना करनैलगंज में लिखित तहरीर दी। तहरीर में बताया कि दिनांक 14 अक्टूबर 2026 को शाम करीब 5 बजे उनका भाई राहुल मिश्रा बुखार की दवा लेकर बालपुर बाजार से घर वापस आ रहा था। मोटरसाइकिल अनिल कुमार मिश्रा पुत्र केशरी प्रसाद मिश्रा चला रहे थे। जैसे ही दोनों बालपुर पुलिस चौकी के सामने पहुंचे, तभी विपरीत दिशा से आ रहे वाहन संख्या यूपी 43टी 6341 के चालक ने तेज रफ्तार व लापरवाही पूर्वक चलाते हुए सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अनिल झटका खाकर दूर मिट्टी में गिर गए और राहुल सड़क पर ही गिर पड़ा। हादसे में राहुल का दाहिना पैर टूट गया और शरीर में गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना पर पहुंचे परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल ले गए, जहां ऑपरेशन किया गया।
इस संबंध में थाना करनैलगंज में पुलिस ने दिनांक 22/10/2026 को भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 281, 125(a), 125(b) तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के तहत मुकदमा पंजीकृत किया है।
थाना प्रभारी करनैलगंज ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

