विकास का 5 वर्षीय रोडमैप तैयार: चमकेगी सूरत, सीवरेज, सफाई और सड़कों पर रहेगा फोकस
1 min readधौलपुर, राजस्थान
धौलपुर के विकास का 5 वर्षीय रोडमैप तैयार: चमकेगी सूरत, सीवरेज, सफाई और सड़कों पर रहेगा फोकस
सभापति गिरीश कुमार गर्ग की अध्यक्षता में मीडिया प्रतिनिधियों के साथ हुई अहम बैठक, आधारभूत ढांचे और सौंदर्यीकरण पर जोर
धौलपुर :– नगर परिषद कार्यालय में शुक्रवार को सभापति गिरीश कुमार गर्ग की अध्यक्षता में मीडिया प्रतिनिधियों के साथ एक विशेष बैठक आयोजित की गई। इस दौरान शहर के समग्र विकास के लिए आगामी पाँच वर्षों की प्रस्तावित कार्ययोजना पर विस्तार से मंथन किया गया। बैठक में अधिशाषी अधिकारी विष्णु परमार एवं RI रजत जैन सहित कई अधिकारी व पत्रकार उपस्थित रहे।
सभापति ने स्पष्ट किया कि धौलपुर को स्वच्छ, सुंदर, सुव्यवस्थित और पर्यावरण अनुकूल आधुनिक शहर बनाना नगर परिषद की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके तहत शहर की बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने के साथ-साथ स्वच्छता व्यवस्था को आधुनिक स्वरूप दिया जाएगा।
बैठक में तय कार्ययोजना के अनुसार शहर की प्रमुख एवं आंतरिक सड़कों के निर्माण व मरम्मत कार्य को प्राथमिकता दी जाएगी। सीवरेज व्यवस्था को चरणबद्ध तरीके से विकसित करने, नालियों की नियमित सफाई-मरम्मत तथा बारिश के दिनों में जलभराव की गंभीर समस्या के स्थायी समाधान पर विशेष चर्चा हुई।शहर में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण को अधिक प्रभावी बनाने के साथ ही आधुनिक रोड स्वीपिंग मशीनों से सड़कों की सफाई की जाएगी। प्रमुख व्यापारिक बाजारों में रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था शुरू करने, ठोस कचरा प्रबंधन, वार्डवार सफाई निगरानी और आमजन की शिकायतों के त्वरित निस्तारण की योजना तैयार की गई है।शहर के प्रवेश द्वारों और चौराहों का सौंदर्यीकरण, गौरव पथ का विकास, आधुनिक LED स्ट्रीट लाइट्स, पार्कों का रखरखाव और सार्वजनिक स्थलों पर व्यवस्थित प्रकाश व्यवस्था विकसित की जाएगी। इसके अलावा शहर के ऐतिहासिक पुराने नगर परिषद भवन को हेरिटेज स्वरूप देने, मुक्ति धामों में सुविधाएं बढ़ाने, व्यवस्थित पार्किंग विकसित करने और सार्वजनिक भूमि से नियमानुसार अतिक्रमण हटाने पर भी सहमति बनी।
“धौलपुर का समग्र विकास हमारा मुख्य संकल्प है। सभी कार्य उपलब्ध बजट, तकनीकी स्वीकृतियों और संबंधित विभागों के समन्वय से पूरी गुणवत्ता के साथ कराए जाएंगे।”
— गिरीश कुमार गर्ग, सभापति, नगर परिषद धौलपुर
बैठक के अंत में अधिशाषी अधिकारी विष्णु परमार ने मीडिया प्रतिनिधियों से विकास कार्यों की गुणवत्ता की निगरानी और जनहित से जुड़े मुद्दों को निरंतर प्रशासन के समक्ष लाने में सहयोग की अपील की।
विजय कुमार शर्मा ब्यूरो

