सहकारी समितियों की हड़ताल से नहीं मिल रही खाद, किसान परेशान
1 min readबारुन। मिल्कीपुर विकासखंड की साधन सहकारी समिति बारुन बाजार, कुचेरा बाजार, अलीपुर खजुरी, शुकुलपुर, मिल्कीपुर पर तालाबंदी हो गई है। यहां कार्यरत कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल के कारण क्षेत्र के किसानों को खाद नहीं मिल पा रही है।
शुक्रवार को बारुन बाजार साधन सहकारी समिति पर ताला लगा दिखा। इस संबंध में सहकारी समिति के आंकिक विक्रेता विक्रेता सुनील सिंह से बात करने पर उन्होंने बताया कि संगठन के आह्वान पर सभी कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर लखनऊ के इको पार्क में अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे हुए हैं। बताते चलें कि इस समय रबी सीजन की बुवाई का समय चल रहा है। किसान सरसों और आलू जैसी फसलें बो रहे हैं, जिसके लिए उन्हें मुख्य रूप से डीएपी और यूरिया खाद की जरूरत है। समितियों के बंद होने से किसानों को समय पर उर्वरक नहीं मिल पा रही है। क्षेत्रीय किसान कमाल अहमद खान, जगदीश प्रसाद, नरेंद्र सिंह, मोहम्मद कलीम खान, मुमताज अहमद, रमेश चौहान, सभाराज मौर्य और पप्पू चौहान जैसे सैकड़ों किसानों को हड़ताल के कारण जरूरत के समय उर्वरक नहीं मिल पा रही है।

