यूडी टैक्स बकाया होने पर कमल होटल और मैरिज होम सीज,
1 min readधौलपुर राजस्थान।
धौलपुर में यूडी टैक्स बकाया होने पर कमल होटल और मैरिज होम सीज,
नगर परिषद की टीम ने की कार्रवाई, संचालक ने टैक्स गणना को गलत बताकर कोर्ट जाने की कही बात,
धौलपुर, न्यूज।
धौलपुर में शहरी विकास कर (यूडी टैक्स) की वसूली को लेकर नगर परिषद ने सख्ती दिखाते हुए गुरुवार को स्टेशन रोड स्थित कमल होटल और मैरिज होम को सीज कर दिया। सभापति गिरीश गर्ग और आयुक्त विष्णु परमार के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई से होटल संचालकों में हलचल मच गई।
नगर परिषद के अनुसार, कमल होटल के संचालक पर करीब 14 लाख 77 हजार रुपए का यूडी टैक्स बकाया है। टैक्स वसूली के लिए परिषद की टीम मौके पर पहुंची और होटल को सीज कर नोटिस चस्पा किए। कार्रवाई के दौरान निहालगंज थाना प्रभारी देवेंद्र शर्मा के नेतृत्व में पुलिस जाप्ता तैनात रहा। वहीं, आरआई रजत जैन सहित नगर परिषद की टीम मौजूद रही।
टैक्स गणना पर संचालक ने उठाए सवाल
नगर परिषद की कार्रवाई के बाद होटल संचालक ने टैक्स की गणना को गलत बताते हुए आपत्ति जताई है। संचालक का कहना है कि निर्धारित टैक्स की गणना सही नहीं है और वह इस मामले को लेकर न्यायालय का रुख करेंगे। ऐसे में नगर परिषद की वसूली कार्रवाई के बीच टैक्स गणना को लेकर विवाद सामने आया है।
विजय कुमार शर्मा ब्यूरो


