खेत में खौफनाक मंजर, चाचा और दो मासूम भतीजों की मौत से सनसनी;हत्या की आशंका
1 min readधौलपुर, राजस्थान।
हत्या की आशंका
जमीन पर पड़े मिले 10 और 8 साल के बच्चों के शव, पेड़ पर फंदे से लटका था 22 वर्षीय चाचा विष्णु — पुलिस और एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार,
कंचनपुर, न्यूज।
धौलपुर जिले के कंचनपुर थाना क्षेत्र के पुरा सिकरौंदा गांव में बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। घर से करीब एक किलोमीटर दूर सरकारी चारागाह भूमि पर खेत में चाचा और उसके दो मासूम भतीजों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों बच्चों के शव जमीन पर पड़े थे, जबकि 22 वर्षीय चाचा विष्णु का शव पेड़ पर फंदे से लटका मिला। घटनास्थल पर तीनों के शव मिलने और पास में बाइक बरामद होने से मामले ने गंभीर रूप ले लिया है। पुलिस प्रथमदृष्टया घटना को हत्या से जोड़कर जांच कर रही है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगा।
मंगलवार को बहन के घर गए थे तीनों,
परिजनों के अनुसार, पुरा सिकरौंदा निवासी विष्णु मंगलवार सुबह अपनी मां जनक (50) और दो भतीजों सनी (10) व मानव (8) को बाइक से करीब 22 किलोमीटर दूर अपनी बहन के घर लेकर गया था। वहां माता पूजन का कार्यक्रम था। विष्णु की मां जनक बेटी के घर रुक गई, जबकि विष्णु दोनों बच्चों को लेकर वापस गांव के लिए रवाना हो गया।
परिजनों ने बताया कि जब उन्होंने विष्णु की मां से फोन पर वापसी के बारे में पूछा तो उसने जानकारी दी कि विष्णु दोनों बच्चों के साथ बाइक से घर के लिए निकल चुका है और वह अगले दिन लौटेगी। देर रात तक विष्णु और दोनों बच्चों के घर नहीं पहुंचने पर परिवार की चिंता बढ़ गई। इसके बाद रिश्तेदारों से संपर्क किया गया, लेकिन कहीं से भी उनके पहुंचने की जानकारी नहीं मिली।
सुबह खेत में मिले तीनों के शव
बुधवार सुबह करीब सात बजे पड़ोसी गांव के एक युवक ने सरकारी चारागाह भूमि पर तीनों के शव देखे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कंचनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर दोनों बच्चों के शव जमीन पर मिले, जबकि विष्णु का शव पेड़ पर फंदे से लटका हुआ था। जिस बाइक से विष्णु बच्चों के साथ लौटा था, वह भी मौके पर मिली।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर परिस्थितियों का जायजा लिया और जांच शुरू की।
पुलिस हत्या की आशंका समेत सभी पहलुओं पर कर रही जांच,
सीओ ग्रामीण मनोहर लाल मीणा ने बताया कि पुलिस प्रथमदृष्टया मामले को हत्या से जोड़कर देख रही है। तीनों शवों का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है। वहीं, थाना प्रभारी हरेंद्र सिंह के अनुसार, विष्णु मंगलवार शाम करीब 4:30 बजे दोनों बच्चों को लेकर बहन के घर से बाइक पर निकला था, लेकिन घर नहीं पहुंचा।
पुलिस और एफएसएल की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। जांच अधिकारी परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर रहे हैं, ताकि घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ी जा सकें और यह पता लगाया जा सके कि तीनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई।
अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए शव, जनप्रतिनिधि भी पहुंचे,
तीन शव मिलने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। बाड़ी विधायक जसवंत सिंह गुर्जर और धौलपुर के पूर्व विधायक बीएल कुशवाह भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाइश दी। पुलिस ने तीनों शवों को बाड़ी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।
मृतक बच्चों सनी और मानव के पिता संतोष (35) खेती करते हैं, जबकि उनकी मां वीनेश (32) गृहिणी हैं। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से परिजन गहरे सदमे में हैं। फिलहाल पूरे मामले में पुलिस जांच, एफएसएल के साक्ष्य और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट अहम माने जा रहे हैं।

