मिशन शिक्षण संवाद की अनूठी पहल: शिक्षकों ने बच्चों के साथ किया मध्याह्न भोजन, खिल उठे नौनिहालों के चेहरे
1 min read
अलीगढ़। बच्चों और शिक्षकों के बीच आत्मीयता, अपनत्व और सहयोग की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से मिशन शिक्षण संवाद टीम अलीगढ़ की ओर से 21 अक्टूबर को जिले के बेसिक शिक्षा विभाग के विद्यालयों में ‘आओ एक दिन बच्चों के साथ मध्याह्न भोजन करें’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस पहल के तहत शिक्षकों ने विद्यालयों में बच्चों के साथ बैठकर मध्याह्न भोजन किया। शिक्षकों को अपने बीच भोजन करते देख बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्हें परिवार जैसा माहौल महसूस हुआ।
कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालयों में बच्चों को स्वच्छ स्थान पर पट्टी तथा डेस्क-बेंच पर बैठाकर भोजन कराने की व्यवस्था की गई। साथ ही विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया, जिससे बच्चों को आनंददायक वातावरण मिल सके। कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले विद्यालयों को मिशन शिक्षण संवाद टीम की ओर से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
मिशन शिक्षण संवाद के जिला संयोजक यतेंद्र सिंघल और सह संयोजक प्रिया शर्मा ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों और बच्चों के बीच आत्मीय संबंध स्थापित करना तथा उनमें सहयोग, समर्पण और अपनत्व की भावना विकसित करना है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के साथ बैठकर भोजन करना बच्चों के लिए एक अलग और सुखद अनुभव रहा। इस पहल से विद्यालयों में पारिवारिक वातावरण बना और बच्चों के चेहरों पर मुस्कान देखने को मिली।
कार्यक्रम में प्राथमिक विद्यालय बीठना, लोधा; प्राथमिक विद्यालय नगला दारापुर, धनीपुर; प्राथमिक विद्यालय घौरोठ, चंडौस; प्राथमिक विद्यालय भोपा नगला, खैर; उच्च प्राथमिक विद्यालय धनीपुर; कंपोजिट विद्यालय इब्राहिमाबाद, धनीपुर; मॉडल प्राथमिक विद्यालय धौर्रा माफी, लोधा; प्राथमिक विद्यालय चैंडोला सुजानपुर, अतरौली; उच्च प्राथमिक विद्यालय बड़ौली फतेह खान, लोधा; प्राथमिक विद्यालय भगवानगढ़ी; प्राथमिक विद्यालय हरदासपुर, लोधा तथा प्राथमिक विद्यालय सहारा खुर्द, इगलास सहित जिले के सैकड़ों विद्यालयों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रीति शर्मा, बृजेश सिंह, नीलम सक्सेना, पूजा वर्मा और पारुल शर्मा सहित टेक्निकल टीम एवं प्रोफिसिएंट टीम का विशेष सहयोग रहा। मिशन शिक्षण संवाद की इस पहल को बच्चों के साथ शिक्षकों का भावनात्मक जुड़ाव बढ़ाने और विद्यालयों में सकारात्मक वातावरण विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
दिपांश शर्मा ब्यूरो

