शौर्य, स्वाभिमान और गौरवशाली इतिहास के प्रतीक सम्राट मिहिर भोज को किया नमन
1 min readअखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा बांदा ने श्रद्धापूर्वक मनाई जयंती, 23 अक्टूबर को दशहरा मिलन एवं शस्त्र पूजन समारोह में शामिल होने का आह्वान
बांदा
शौर्य की गाथा, पराक्रम की पहचान और गौरवशाली इतिहास के प्रतीक सम्राट मिहिर भोज प्रतिहार की जयंती पर अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा, बांदा के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस अवसर पर सम्राट के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके ऐतिहासिक व्यक्तित्व, वीरता और राष्ट्र की रक्षा में प्रतिहार शासकों के योगदान का स्मरण किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने गौरवशाली इतिहास से प्रेरणा लेकर सामाजिक एकता, आपसी सद्भाव और सांस्कृतिक परंपराओं को सशक्त बनाने का संदेश दिया।
महापुरुषों का स्मरण, गौरवशाली विरासत का सम्मान
कार्यक्रम में महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष फूल सिंह जादौन, राष्ट्रीय उपमंत्री नारायण सिंह जादौन, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं प्रसिद्ध इतिहासकार नरेन्द्र सिंह परिहार, जिलाध्यक्ष एसके सिंह, जिला महामंत्री अजय सिंह गौर, मंडल अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह (सोनू भैया) तथा नगर अध्यक्ष बीएन सिंह की प्रमुख उपस्थिति रही। इनके साथ डॉ. जगरूप सिंह परिहार, युवा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह डेविड, युवा प्रकोष्ठ के नगर अध्यक्ष दिव्य प्रताप सिंह चौहान, धर्मेन्द्र सिंह, गुलाब सिंह जादौन, बिंद कुमार सिंह, पतिराखन सिंह चंदेल और डॉ. इन्द्रवीर सिंह जादौन सहित बड़ी संख्या में महासभा के सदस्य उपस्थित रहे।
23 अक्टूबर को होगा दशहरा मिलन एवं शस्त्र पूजन
इस अवसर पर अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा बाॅंदा के जिलाध्यक्ष एसके सिंह ने महासभा के पदाधिकारियों एवं सदस्यों से आगामी 23 अक्टूबर को आयोजित दशहरा मिलन एवं शस्त्र पूजन समारोह में अधिकाधिक संख्या में सहभागिता करने का आह्वान किया। उन्होंने सभी से निर्धारित समय पर पहुंचकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की।
उन्होंने बताया कि दशहरा मिलन एवं शस्त्र पूजन समारोह 23 अक्टूबर को प्रातः 10 बजे शिव वाटिका मैरिज लॉन, मुक्तिधाम रोड, बांदा में आयोजित होगा। महासभा की ओर से सभी पदाधिकारियों, सदस्यों एवं समाजबंधुओं से कार्यक्रम में ससमय उपस्थित होने का आग्रह किया गया है।

