दुर्गा पंडालों पर पुलिस का कड़ा पहरा, बम दस्ते के साथ चप्पे-चप्पे की जांच
1 min read बल्दीराय/सुल्तानपुर
दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं और भक्तों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बल्दीराय पुलिस ने निगरानी तेज कर दी है।

आज रविवार को क्षेत्राधिकारी बल्दीराय और प्रभारी निरीक्षक महेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बम निरोधक दस्ते, एलआईयू टीम और पुलिस बल के साथ विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों में सघन जांच अभियान चलाया।
बल्दीराय कस्बा, पारा बाजार और बल्लीपुर में स्थापित दुर्गा पंडालों की जांच के दौरान सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।
बम निरोधक दस्ते ने विशेष उपकरणों की मदद से पंडालों, मूर्ति स्थलों और आसपास के संवेदनशील स्थानों की जांच की पुलिस टीम ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ आयोजकों को सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए।
पुलिस अधिकारियों ने पंडाल समितियों से सुरक्षा संबंधी नियमों का पालन करने, सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था दुरुस्त रखने, प्रवेश और निकास मार्गों को व्यवस्थित रखने तथा महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की।
त्योहार के दौरान भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस की निगरानी बढ़ाई गई है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।
पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना और पूजा-अर्चना को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना है।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस की सक्रियता से स्पष्ट है कि त्योहार के दौरान सतर्क निगरानी और सुरक्षा मानकों के पालन पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
