सेवा संकल्प अभियान में जहाँनगढ़ आंगनबाड़ी केंद्र पर हुआ पोषण एवं गोद भराई कार्यक्रम
1 min read
टप्पल, अलीगढ़। शासन के निर्देशानुसार सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत मंगलवार को आंगनबाड़ी केंद्र जहाँनगढ़, विकासखंड टप्पल, जनपद अलीगढ़ में ‘विकसित भारत—मेरे सपनों का भारत’ थीम पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी केंद्र की कार्यकर्ताओं, विद्यालय के शिक्षकों, बाल वाटिका में पढ़ने वाले बच्चों की माताओं एवं गर्भवती महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और बच्चों को पोषण के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ स्वस्थ परिवार एवं विकसित भारत की संकल्पना को मजबूत करना रहा। इस दौरान गर्भवती महिलाओं के लिए पोषण से भरपूर सामग्री के साथ पारंपरिक गोद भराई कार्यक्रम आयोजित किया गया। महिलाओं को फलों की टोकरियां प्रदान कर संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती विजय कुमारी एवं श्रीमती चंचल शर्मा, सहायिका श्रीमती सर्वेश शर्मा एवं श्रीमती सपना सहित विद्यालय के इंचार्ज प्रधानाध्यापक श्रीनिवास शर्मा, सहायक अध्यापक श्री कुशल कुमार एवं श्री राजकुमार शर्मा उपस्थित रहे। इसके अलावा बाल वाटिका में अध्ययनरत बच्चों की माताओं एवं गर्भवती महिलाओं ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
आयोजकों ने महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान पौष्टिक आहार, स्वच्छता और बच्चों के उचित पोषण पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के माध्यम से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया। उपस्थित महिलाओं ने इस पहल को उपयोगी बताते हुए कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी की।
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित यह कार्यक्रम पोषण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक सार्थक पहल रहा।



