शिक्षक सम्मान से समाज सशक्त होता है :- सुरेन्द्र दिलेर
1 min read
शिक्षक दिवस पर अलीगढ़ में जनपद स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह, उत्कृष्ट कार्य करने वाले करीब 200 शिक्षक सम्मानित
अलीगढ़।

शिक्षक दिवस के अवसर पर श्री कल्याण सिंह हेबिटेट सेंटर, अलीगढ़ में जनपद स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में जनपद में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लगभग 200 शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्व राज्य मंत्री सुरेन्द्र दिलेर ने कहा कि आज प्रदेश के विद्यालयों में निरंतर सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है। सरकार शिक्षकों के पारंपरिक सम्मान को पुनः स्थापित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षक के सम्मान से ही समाज सशक्त होता है, क्योंकि शिक्षक ही भावी पीढ़ी और समाज की दिशा तय करता है।
विशिष्ट अतिथि एमएलसी मानवेंद्र प्रताप सिंह ‘गुरुजी’ ने कहा कि शिक्षकों द्वारा शिक्षित किए जा रहे बच्चे ही कल के भावी नागरिक हैं। इसलिए विद्यार्थियों को केवल किताबी शिक्षा ही नहीं, बल्कि तकनीकी युग की आवश्यकताओं के अनुरूप संस्कारयुक्त एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा भी प्रदान की जानी चाहिए।
एमएलसी ऋषि पाल सिंह ने अपने प्राथमिक विद्यालय के शिक्षकों को याद करते हुए उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में शिक्षा व्यवस्था में निरंतर सुधार किया जा रहा है तथा शिक्षकों के सम्मान और गरिमा को बनाए रखने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
जिला पंचायत अध्यक्ष विजय सिंह ने शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे सदैव शिक्षकों के साथ हैं और आवश्यकता पड़ने पर हरसंभव सहयोग के लिए तत्पर रहेंगे।
कार्यक्रम में एमएलसी एवं अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति तारिक मंसूर, भाजपा जिलाध्यक्ष कृष्णपाल सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि एवं ब्रज प्रांत उपाध्यक्ष प्रवीण राज सिंह सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी योगेन्द्र सिंह, एडी बेसिक डॉ. लक्ष्मीकांत पांडेय एवं बेसिक शिक्षा अधिकारी आलोक सिंह ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र एवं शॉल प्रदान कर सम्मानित किया।
समारोह में गोरखपुर स्थित योगीराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह से मुख्यमंत्री द्वारा राज्य अध्यापक पुरस्कार प्रदान किए जाने वाले कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी देखा गया। कार्यक्रम का संचालन करते हुए एसआरजी संजीव शर्मा ने बताया कि इस वर्ष प्रदेश के 61 जनपदों के परिषदीय शिक्षकों को राज्य अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित किया जा रहा है। जनपद अलीगढ़ से ब्लॉक अतरौली के कंपोजिट विद्यालय बाहरवद में कार्यरत अमर सिंह को राज्य अध्यापक पुरस्कार के लिए सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर प्राथमिक विद्यालय गौदिलपुर, ब्लॉक गौण्डा, जनपद अलीगढ़ की सहायक अध्यापिका संघमित्रा की उपलब्धि भी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। इससे पूर्व उत्तर प्रदेश राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद, लखनऊ द्वारा आयोजित पंचम राज्य स्तरीय कला एवं क्राफ्ट प्रतियोगिता 2025-26 में संघमित्रा ने प्रदेश स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जनपद अलीगढ़ का नाम रोशन किया था।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में जिला समन्वयक अवनीश कुमार, मनोज शर्मा, राधिका, सत्येंद्र दीक्षित, एसआरजी संजीव शर्मा, अनिल राघव, अनुज कुमारी, पीटीआई सतीश सिंह, तन्मय, विवेक कुमार, प्रज्ञ वीर सिंह, अनुराग, एआरपी विजय प्रकाश, अशोक कुमार, निपुण सेल से आयुषी, मो. फैजान एवं जय चोरड़िया सहित अन्य सहयोगियों ने विशेष योगदान दिया।
कार्यक्रम के अंत में बेसिक शिक्षा अधिकारी आलोक सिंह ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं आयोजन से जुड़े सहयोगियों के प्रति धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।
