शिक्षक सम्मान से मजबूत होता है समाज, अलीगढ़ में 200 शिक्षकों को मिला सम्मान
1 min read
अलीगढ़।
शिक्षक दिवस के अवसर पर श्री कल्याण सिंह हेबिटेट सेंटर में जनपद स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में जनपद के उत्कृष्ट कार्य करने वाले लगभग 200 शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्व राज्य मंत्री सुरेन्द्र दिलेर ने कहा कि शिक्षक समाज निर्माण की सबसे मजबूत कड़ी हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालयों की व्यवस्था में लगातार सुधार हुआ है और सरकार शिक्षकों के पुराने सम्मान एवं गौरव को पुनर्स्थापित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि “शिक्षक सम्मान से समाज सशक्त होता है।”
विशिष्ट अतिथि एमएलसी मानवेंद्र प्रताप सिंह गुरुजी ने कहा कि शिक्षकों द्वारा तैयार किए गए विद्यार्थी ही भविष्य के जिम्मेदार नागरिक बनते हैं। उन्होंने तकनीकी शिक्षा के साथ बच्चों को संस्कारयुक्त शिक्षा प्रदान करने पर जोर दिया। वहीं एमएलसी ऋषि पाल सिंह ने अपने प्राथमिक शिक्षकों को याद करते हुए उन्हें नमन किया और कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था में निरंतर सुधार करते हुए शिक्षकों के सम्मान को बनाए रखने का प्रयास कर रही है।
जिला पंचायत अध्यक्ष विजय सिंह ने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वह सदैव शिक्षकों के सहयोग के लिए तत्पर रहेंगे। कार्यक्रम में एमएलसी एवं एएमयू के पूर्व कुलपति तारिक मंसूर, भाजपा जिला अध्यक्ष कृष्णपाल सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि एवं बृज प्रांत उपाध्यक्ष प्रवीण राज सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी योगेन्द्र सिंह, एडी बेसिक डॉ. लक्ष्मीकांत पांडेय एवं बीएसए आलोक सिंह ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया। समारोह में गोरखपुर स्थित योगीराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह से मुख्यमंत्री द्वारा राज्य अध्यापक पुरस्कार प्रदान किए जाने वाले कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी देखा गया।
कार्यक्रम का संचालन एसआरजी संजीव शर्मा ने किया। उन्होंने बताया कि इस वर्ष प्रदेश के 61 जनपदों के परिषदीय शिक्षकों को राज्य अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित किया जा रहा है। अलीगढ़ जनपद से अतरौली ब्लॉक के कंपोजिट स्कूल बाहरवद में कार्यरत प्रधानाध्यापक अमर सिंह को राज्य अध्यापक पुरस्कार प्रदान किया जा रहा है।
कार्यक्रम के अंत में बीएसए आलोक सिंह ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं सहयोगियों के प्रति धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया। समारोह को सफल बनाने में जिला समन्वयक अवनीश कुमार, मनोज शर्मा, राधिका, सत्येंद्र दीक्षित, एसआरजी संजीव शर्मा, अनिल राघव, अनुज कुमारी, पीटीआई सतीश सिंह सहित शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का विशेष सहयोग रहा।



