September 5, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

मिनी ओलंपिक में कबड्डी, रस्साकशी, बैडमिंटन, टेबल टेनिस व ताइक्वांडो के शानदार मुकाबले

1 min read
Spread the love

बांदा

बांदा
युवाओं को नशे से दूर रखकर उन्हें खेल मैदान की ओर उन्मुख करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन बांदा तथा खेल विभाग बांदा के सौजन्य से आयोजित बांदा मिनी ओलंपिक प्रथम चरण में शुक्रवार को विभिन्न खेलों के शानदार एवं रोमांचक मुकाबले संपन्न हुए।
बांदा के खेल इतिहास में यह आयोजन लंबे समय तक याद रखा जाएगा। प्रतियोगिता में जनपद की 1500 से अधिक खेल प्रतिभाओं ने 10 इंडोर खेलों के लगभग 110 इवेंट में प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा एवं खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। जिलाधिकारी बांदा श्री अमित आसेरी तथा डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी क्रीड़ा अधिकारी श्री अंकित वर्मा के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित इस मिनी ओलंपिक की पूरे जनपद में व्यापक चर्चा हो रही है।
रस्साकशी मुकाबले रहे आकर्षण का केंद्र
आज के मुकाबलों में सीनियर एवं जूनियर बालक-बालिका वर्ग की रस्साकशी प्रतियोगिता दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही। खिलाड़ियों ने शक्ति, संतुलन और तकनीक का शानदार प्रदर्शन करते हुए मुकाबलों को बेहद रोमांचक बना दिया।
सीनियर पुरुष वर्ग में स्टेडियम बी विजेता तथा भागवत प्रसाद मेमोरियल एकेडमी बांदा उपविजेता रही।
जूनियर बालक वर्ग में तथागत ज्ञानस्थली अतर्रा ने विजेता तथा बांदा स्टेडियम ने उपविजेता का स्थान प्राप्त किया।
सीनियर महिला वर्ग में भगवत प्रसाद इंटर कॉलेज विजेता तथा भगवत प्रसाद मेमोरियल एकेडमी उपविजेता रही।
जूनियर बालिका वर्ग में सेंट जेवियर्स स्कूल ने विजेता तथा यूरो किड्स कैंपस बांदा ने उपविजेता का खिताब हासिल किया।
बैडमिंटन में खिलाड़ियों ने पैदा किया रोमांच
स्पोर्ट्स स्टेडियम स्थित बैडमिंटन हॉल में जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव काजी जमीर, भानु प्रताप सिंह एवं अनवर अहमद के नेतृत्व में बेहद शानदार मुकाबले संपन्न हुए।
अंडर-11 बालक एकल वर्ग में रेयांश प्रथम तथा जुनैद द्वितीय रहे। अंडर-11 बालक युगल वर्ग में रेयांश एवं जुनैद की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में आयुष एवं अबी की जोड़ी को पराजित किया।
अंडर-13 बालक एकल वर्ग में आर्यन ने संघर्षपूर्ण मुकाबले में श्रेयस को पराजित कर खिताब अपने नाम किया। अंडर-13 बालक युगल वर्ग में श्रेयस एवं युवराज की जोड़ी ने आर्यन एवं दिव्यांश की जोड़ी को पराजित कर स्वर्ण पदक जीता।
अंडर-15 बालक एकल वर्ग में शाहिद ने मानस को चौंकाते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया, जबकि मानस को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। अंडर-15 बालक युगल वर्ग में शाहिद एवं शशांक की जोड़ी ने यश एवं शशांक द्वितीय की जोड़ी को संघर्षपूर्ण मुकाबले में पराजित कर स्वर्ण पदक हासिल किया।
पुरुष ओपन एकल वर्ग का खिताब अजफर जमीर ने अर्श जमीर को पराजित कर अपने नाम किया।
टेबल टेनिस में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं का शानदार प्रदर्शन
हार्पर क्लब में आयोजित टेबल टेनिस प्रतियोगिता में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय बड़ोखर खुर्द की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने खेल कौशल की प्रभावशाली छाप छोड़ी।
जूनियर बालिका एकल वर्ग में वैभवी ने स्वर्ण पदक हासिल किया। जूनियर बालिका डबल्स में अर्चना एवं अरविंद की जोड़ी विजेता रही।
सीनियर बालिका एकल वर्ग में हेमा ने नैंसी को पराजित कर स्वर्ण पदक जीता। वहीं सीनियर बालिका डबल्स में अलका एवं कोमल की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
ताइक्वांडो में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
भागवत प्रसाद मेमोरियल एकेडमी में बांदा मिनी ओलंपिक की ताइक्वांडो प्रतियोगिता मैडम कल्पना कमल के मार्गदर्शन में मुकाबले शानदार तरीके से संपन्न हुए। सब-जूनियर बालिका वर्ग में अंडर-18 कैटेगरी में आर्या, अंडर-20 में देवांशी, अंडर-29 में कीर्ति तथा अंडर-47 में अनन्या ने स्वर्ण पदक हासिल किया।
जूनियर बालिका वर्ग में अंडर-14 कैटेगरी में 51 किलोग्राम में पीहू, 41 किलोग्राम में रिया पटेल, 38 किलोग्राम में मांडवी, 29 किलोग्राम में सौम्या, 45 किलोग्राम में आरती, 59 किलोग्राम में अनुष्का तथा 53 किलोग्राम में रेचल ने स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।
कबड्डी मुकाबलों ने दर्शकों का खूब किया मनोरंजन
स्पोर्ट्स स्टेडियम बांदा के वॉलीबॉल इंडोर हॉल में कबड्डी के मुकाबले अत्यंत संघर्षपूर्ण एवं रोमांचक रहे। जिला कबड्डी एसोसिएशन के सचिव कमल यादव के मार्गदर्शन में सभी टीमों ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों के शानदार रेड, डिफेंस और तकनीकी खेल ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।
5 सितंबर को होगा भव्य समापन समारोह
बांदा मिनी ओलंपिक प्रथम चरण के विजयी प्रतिभागियों से 5 सितंबर 2026 को अपराह्न 3:00 बजे वॉलीबॉल इंडोर हॉल, स्पोर्ट्स स्टेडियम बांदा में आयोजित समापन समारोह में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने की अपील की गई है। समारोह में विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *