गायत्री पब्लिक स्कूल में मनाया गया शिक्षक दिवस
1 min readरेवतीगंज, अयोध्या।


गायत्री पब्लिक स्कूल रेवतीगंज में शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का पर्व शिक्षक दिवस हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में केक काटा गया और शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के बीच मिठाइयों का वितरण किया गया। इसके बाद गोष्ठी सहित विभिन्न सांस्कृतिक एवं प्रेरणादायक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ।
विद्यालय के प्रबंधक उमा शंकर शुक्ल ने शिक्षक दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि महान शिक्षक, दार्शनिक एवं भारत के दूसरे राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन ने अपने जन्मदिन को व्यक्तिगत रूप से मनाने के बजाय इसे शिक्षक दिवस के रूप में मनाने की इच्छा व्यक्त की थी। तभी से 5 सितंबर को देशभर में शिक्षकों के सम्मान के रूप में शिक्षक दिवस मनाया जाता है।
उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल कक्षा में पढ़ाने वाला व्यक्ति नहीं होता, बल्कि वह एक कुशल शिल्पकार की तरह विद्यार्थियों के भविष्य को आकार देता है और एक बेहतर राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि गुरु केवल अक्षरों का ज्ञान देने वाला नहीं, बल्कि जीवन को सही अर्थ और सही दिशा देने वाला होता है।
विद्यालय की प्रधानाचार्या शिखा दूबे ने कहा कि माता-पिता हमें जीवन देते हैं, लेकिन शिक्षक उस जीवन को सही दिशा प्रदान करते हैं। एक अच्छा शिक्षक केवल पाठ्यक्रम नहीं पढ़ाता, बल्कि विद्यार्थियों के सपनों को उड़ान देने का कार्य करता है। शिक्षक स्वयं ज्ञान का प्रकाश बनकर विद्यार्थियों के जीवन को रोशन करता है और हमारे सपनों की इमारत की मजबूत नींव तैयार करता है।
कार्यक्रम के दौरान आर.डी. पाण्डेय, किरन यादव, अमन पाण्डेय, अभय सिंह एवं सुधा पाण्डेय ने भी शिक्षक दिवस के महत्व और गुरु-शिष्य परंपरा पर अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम का संचालन आर्या तिवारी एवं अंजली सिंह ने किया। शिक्षक दिवस समारोह में विद्यालय परिवार ने शिक्षकों के योगदान को याद करते हुए शिक्षा और संस्कार के क्षेत्र में उनके महत्वपूर्ण योगदान के प्रति सम्मान एवं आभार व्यक्त किया।
