11 हजार वोल्ट लाइन खींचने का विरोध,ग्रामीणों ने एडीएम को सौंपा ज्ञापन
1 min readघनी आबादी के ऊपर से 11 हजार वोल्ट लाइन खींचने का विरोध,ग्रामीणों ने एडीएम को सौंपा ज्ञापन
सपा के राष्ट्रीय महासचिव विशंभर प्रसाद निषाद के नेतृत्व में 50 से अधिक ग्रामीण पहुंचे कलेक्ट्रेट,खाली खेतों की ओर से लाइन शिफ्ट कराने की उठाई मांग
बांदा

तिंदवारी-पपरेंदा मार्ग के चौड़ीकरण कार्य के दौरान ग्राम पंचायत परसौड़ा की अनुसूचित जाति बस्ती के ऊपर से 11 हजार वोल्ट हाईटेंशन बिजली लाइन प्रस्तावित किए जाने का ग्रामीणों ने विरोध जताया।मंगलवार को सपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री विशंभर प्रसाद निषाद के नेतृत्व में 50 से अधिक ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिलाधिकारी की अनुपस्थिति में अपर जिलाधिकारी धर्मेंद्र को ज्ञापन सौंपकर लाइन को सड़क के दूसरी ओर खाली भूमि से ले जाने की मांग की।ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम परसौड़ा के प्रधान का पुरवा में घनी आबादी बसी हुई है। यदि हाईटेंशन लाइन घरों के ऊपर से गुजारी गई तो भविष्य में बड़े हादसे की आशंका बनी रहेगी।उनका कहना है कि सड़क के दूसरी ओर खाली खेत उपलब्ध हैं और केवल दो-तीन मकान हैं, ऐसे में जनहित और सुरक्षा को देखते हुए लाइन उसी तरफ से शिफ्ट की जानी चाहिए।ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पहले सड़क के दूसरी ओर से लाइन ले जाने की योजना थी,लेकिन अब ठेकेदार उस दिशा में कार्य करने को तैयार नहीं है।इसके चलते बस्ती के ऊपर से लाइन खींचने का प्रयास किया जा रहा है,जिसका ग्रामीण लगातार विरोध कर रहे हैं।ज्ञापन में प्रशासन से मांग की गई कि तिंदवारी-पपरेंदा मार्ग चौड़ीकरण के दौरान 11 हजार वोल्ट बिजली लाइन को अनुसूचित जाति बस्ती के ऊपर से न ले जाकर सड़क के दूसरी ओर खाली स्थान से शिफ्ट कराया जाए,ताकि लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।इस दौरान सपा के वरिष्ठ नेता पुष्पेंद्र सिंह चुनाले,भरत पाल, नेतराम समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले में शीघ्र निर्णय लेकर समस्या का समाधान कराने की मांग की।
