मनोज मीणा हत्या कांड का हुआ खुलासा, प्रेम प्रसंग को लेकर चल रहा था विवाद
1 min read5 दिन में सुलझी मनोज मीणा हत्याकांड की गुत्थी, चार विधि से संघर्षरत बालक निरुद्ध
धौलपुर, राजस्थान |
बाड़ी सदर थाना क्षेत्र में 19 जुलाई को बीए प्रथम वर्ष के छात्र मनोज मीणा की हत्या के मामले का पुलिस ने पांच दिन के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने तकनीकी इनपुट, वैज्ञानिक साक्ष्यों, परंपरागत पुलिसिंग, आसूचना और मनोवैज्ञानिक पूछताछ के आधार पर चार विधि से संघर्षरत बालकों को निरुद्ध किया है।
पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (बाड़ी) श्रवण कुमार झोरड़, वृत्ताधिकारी महेन्द्र कुमार (आरपीएस) तथा थानाधिकारी मौहर सिंह मीणा के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था। जांच में सामने आया कि 19 जुलाई को मनोज मीणा भैंस चराने के लिए गांव पंजाबीपुरा और निधारा के बीच नहर किनारे खेत में गया था। वहीं चारों बालकों ने डंडों और पत्थरों से हमला कर उसकी हत्या कर दी और शव को तिरपाल से ढककर छिपाने का प्रयास किया।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि घटना से चार-पांच दिन पहले एक युवती से जुड़े प्रेम-प्रसंग को लेकर मनोज और आरोपियों के बीच विवाद हुआ था। इसी रंजिश में हत्या की साजिश रची गई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चारों बालकों की पहचान कर उन्हें निरुद्ध कर लिया। तीन बालकों को 25 जुलाई तथा चौथे को 26 जुलाई को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश कर बाल सम्प्रेषण गृह भेज दिया गया। मामले का अनुसंधान वृत्ताधिकारी महेन्द्र कुमार कर रहे हैं।
विजय कुमार शर्मा ब्यूरो

