बहुजन समाज पार्टी ने संगठन में एक बार फिर बड़ा फेरबदल,एक माह में फिर बदला जिलाध्यक्ष
1 min readबसपा ने एक माह में फिर बदला जिलाध्यक्ष
रामसेवक प्रजापति को सौंपी कमान, बल्देव प्रसाद वर्मा बने मुख्य मंडल प्रभारी
बांदा
बहुजन समाज पार्टी ने संगठन में एक बार फिर बड़ा फेरबदल किया है। पार्टी ने रामसेवक प्रजापति को बांदा का नया जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है। वहीं बल्देव प्रसाद वर्मा को मुख्य मंडल प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।
गौरतलब है कि करीब एक महीने पहले ही पार्टी ने गुलाब वर्मा को जिलाध्यक्ष बनाया था। अब नेतृत्व में बदलाव कर पार्टी ने रामसेवक प्रजापति पर भरोसा जताया है।
अंबेडकर पार्क में हुआ भव्य स्वागत
रविवार को कचहरी परिसर स्थित अंबेडकर पार्क में नवनियुक्त पदाधिकारियों के स्वागत में समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत बसपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसके बाद जिलाध्यक्ष रामसेवक प्रजापति और मुख्य मंडल प्रभारी बल्देव प्रसाद वर्मा का कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया।
बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का संकल्प
समारोह को संबोधित करते हुए नेताओं ने कहा कि पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करना प्राथमिकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन खड़ा करने, पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने और आगामी चुनावों की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।
कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर पार्टी को मजबूत बनाने और बाबा साहब के विचारों व संविधान के संदेश को घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बसपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

