बिजली चोरों पर डिस्कॉम की बड़ी कार्रवाई, छ: उपभोक्ता पकड़े, ₹1.25 लाख का जुर्माना
1 min readबाड़ी में बिजली चोरों पर डिस्कॉम की बड़ी कार्रवाई: छह उपभोक्ता पकड़े, ₹1.25 लाख का जुर्माना,
बाड़ी, धौलपुर
बिजली चोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (डिस्कॉम) ने बाड़ी शहर में विशेष जांच अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की। शुक्रवार को विभिन्न क्षेत्रों में की गई छापेमारी के दौरान छह उपभोक्ताओं को अवैध रूप से बिजली का उपयोग करते हुए पकड़ा गया। सभी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल ₹1.25 लाख का जुर्माना लगाया गया।
डिस्कॉम के सहायक अभियंता आर.डी. मीणा ने बताया कि उच्च अधिकारियों के निर्देश पर शहर में लगातार जांच अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में बसेड़ी रोड, तकिया चौक, छोटा किला, शेरगंज और गुमट क्षेत्र में टीम ने सघन निरीक्षण किया। जांच के दौरान छह उपभोक्ता बिजली चोरी करते पाए गए, जिनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई।
सहायक अभियंता आर.डी. मीणा ने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे बिजली चोरी से बचें और अधिकृत मीटर के माध्यम से ही विद्युत का उपयोग करें। उन्होंने चेतावनी दी कि बिजली चोरी करते पाए जाने पर आर्थिक दंड के साथ-साथ संबंधित उपभोक्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
डिस्कॉम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिजली चोरी रोकने के लिए इस तरह के औचक निरीक्षण और छापेमारी अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि राजस्व हानि पर रोक लगाई जा सके और ईमानदार उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा हो सके।
विजय कुमार शर्मा ब्यूरो

