बेलवा सम्मय मंदिर की खराब स्ट्रीट लाइट से श्रद्धालुओं को परेशानी
1 min readकरनैलगंज: बेलवा सम्मय मंदिर की खराब स्ट्रीट लाइट से श्रद्धालुओं को परेशानी
जिला पंचायत सदस्य विवेक सिंह ने डीएम को लिखा पत्र, तत्काल मरम्मत की मांग
गोण्डा।
कर्नलगंज क्षेत्र के सकरौरा ग्रामीण स्थित प्रसिद्ध बेलवा सम्मय मंदिर पर लगी स्ट्रीट लाइट काफी समय से खराब पड़ी है। अंधेरे के कारण श्रद्धालुओं और स्थानीय ग्रामीणों को रात्रि में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बेलवा सम्मय मंदिर क्षेत्र में धार्मिक आयोजनों और दर्शन के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु आते हैं। मंदिर परिसर में लगी स्ट्रीट लाइट लंबे समय से खराब होने के कारण शाम होते ही पूरा क्षेत्र अंधकार में डूब जाता है। इससे चोरी और असामाजिक तत्वों की आशंका भी बढ़ गई है। इस जनसमस्या को गंभीरता से लेते हुए कर्नलगंज द्वितीय क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्य विवेक सिंह ने जिलाधिकारी गोण्डा को अपने लेटर पैड पर पत्र भेजकर मामले से अवगत कराया है। पत्र में उन्होंने मांग की है कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए मंदिर परिसर की स्ट्रीट लाइट को अविलंब ठीक कराया जाए। स्थानीय ग्रामीणों ने भी जिला प्रशासन से इस जनहित के मुद्दे पर तत्काल संज्ञान लेने की अपील की है। उनका कहना है कि लाइट ठीक होने से न केवल श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी बल्कि मंदिर की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सकेगी।

