पुलिस-जन संवाद को नई मजबूती, सभी थानों पर सीएलजी और महिला सुरक्षा सखी की बैठकें,
1 min readधौलपुर, राजस्थान
धौलपुर पुलिस जिले में पुलिस और आमजन के बीच विश्वास एवं सहभागिता को मजबूत करने के उद्देश्य से सभी पुलिस थानों पर सीएलजी (कम्युनिटी लायजन ग्रुप) सदस्यों, महिला सुरक्षा सखी, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों की बैठकें आयोजित कर रही है। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन में चल रहे इस अभियान के तहत कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और जनसहभागिता से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की जा रही है।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने मनियां थाना परिसर में आयोजित बैठक में भाग लेकर सीएलजी सदस्यों, महिला सुरक्षा सखी एवं स्थानीय नागरिकों से सीधा संवाद किया। उन्होंने क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, सामाजिक सौहार्द और अपराधों की रोकथाम को लेकर सुझाव प्राप्त किए तथा पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने का आह्वान किया। बैठक में वृत्ताधिकारी खलील अहमद, थानाधिकारी अनिल गौतम सहित बड़ी संख्या में सीएलजी सदस्य एवं नागरिक मौजूद रहे।
बैठक में महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव, नशा तस्करी की रोकथाम, यातायात नियमों की पालना, सोशल मीडिया के जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग तथा शांति एवं भाईचारा बनाए रखने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि वे संदिग्ध व्यक्तियों, अवैध हथियारों, मादक पदार्थों की तस्करी, साइबर ठगी तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने कहा कि सीएलजी सदस्य और महिला सुरक्षा सखी पुलिस के महत्वपूर्ण सहयोगी हैं। इनके सहयोग से अपराधों की रोकथाम, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा समाज में विश्वास और सौहार्द का वातावरण मजबूत करने में सफलता मिलती है। उन्होंने कहा कि धौलपुर पुलिस भविष्य में भी इसी प्रकार नियमित संवाद के माध्यम से सहभागी, संवेदनशील और जनोन्मुखी पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए प्रतिबद्ध रहेगी। वहीं उपस्थित नागरिकों ने भी पुलिस प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने और जनजागरूकता अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाने का भरोसा दिलाया।
विजय कुमार शर्मा ब्यूरो

