July 21, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

बाल वाहिनियों का सघन जांच अभियान,जिला परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, नियमों की अनदेखी पर बसें होंगी सीज,

1 min read
Spread the love

धौलपुर, राजस्थान
जिला परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग द्वारा जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी एवं जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन में जिलेभर में संचालित स्कूल बसों एवं अन्य छात्र परिवहन वाहनों का सघन जांच अभियान प्रारंभ कर दिया गया है। अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना तथा स्कूल वाहनों में सुरक्षा मानकों की पालना करवाना है।
जिला परिवहन अधिकारी गौरव यादव ने बताया कि अभियान के तहत परिवहन निरीक्षक विभिन्न निजी एवं सरकारी विद्यालयों में पहुंचकर स्कूल बसों का भौतिक सत्यापन कर रहे हैं। जांच के दौरान वाहन की फिटनेस, वैध परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र, अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट एड बॉक्स, स्पीड गवर्नर, जीपीएस, सीसीटीवी कैमरे, आपातकालीन निकास द्वार, चालक का लाइसेंस एवं परिचालक की पात्रता सहित सर्वोच्च न्यायालय एवं परिवहन विभाग के सुरक्षा मानकों की भी जांच की जा रही है।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में कई विद्यालयों की बसों में गंभीर कमियां सामने आई हैं। अनेक वाहनों की फिटनेस समाप्त हो चुकी है, जबकि कुछ बसों में आवश्यक सुरक्षा उपकरण भी उपलब्ध नहीं पाए गए। ऐसे विद्यालय संचालकों को कमियों को दूर करने के लिए विभाग की ओर से निर्धारित समय दिया जा रहा है।
जिला परिवहन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्धारित अवधि के बाद भी यदि वाहन संचालक नियमों का पालन नहीं करते हैं तो संबंधित स्कूल बसों को सीज कर दिया जाएगा। साथ ही विद्यालय प्रबंधन के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई के लिए शिक्षा विभाग को भी पत्र भेजा जाएगा।
उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों को केवल उन्हीं स्कूल वाहनों से भेजें जिनकी फिटनेस वैध हो तथा जिनमें सभी सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा हो। यदि किसी स्कूल वाहन में क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाया जा रहा हो, चालक लापरवाही से वाहन चला रहा हो या वाहन असुरक्षित स्थिति में हो तो इसकी सूचना तुरंत परिवहन विभाग अथवा पुलिस प्रशासन को दें।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विभाग का यह विशेष अभियान आगामी दिनों में जिले के सभी विद्यालयों में लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले विद्यालयों एवं वाहन संचालकों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

विजय कुमार शर्मा ब्यूरो

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *