पूर्व दस्यु गैंग के सक्रिय सदस्य को अवैध कट्टा-कारतूस सहित दबोचा,
1 min readपूर्व दस्यु गैंग के सक्रिय सदस्य को अवैध कट्टा-कारतूस सहित दबोचा,
संगीन वारदात की फिराक में था आरोपी,
बाड़ी, धौलपुर
धौलपुर जिले के सोनेका गुर्जा थाना पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व दस्यु केशव गुर्जर गैंग के सक्रिय सदस्य रहे आरोपी रामबृज गुर्जर को अवैध देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी किसी संगीन वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा था।
पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान (आईपीएस) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एडीएफ) बाड़ी श्रवण कुमार झोरड़ और वृत्ताधिकारी बाड़ी महेन्द्र कुमार मीणा के सुपरविजन में चलाए जा रहे अभियान के दौरान थानाधिकारी घनश्याम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह सफलता हासिल की।
नाकाबंदी देखकर भागा, तलाशी में मिला कट्टा
20 जुलाई को सहायक उप निरीक्षक सुरेशचंद अपनी टीम के साथ सोनेका गुर्जा-सरमथुरा मार्ग पर नाकाबंदी और गश्त कर रहे थे। इसी दौरान भरिका बाबा मंदिर की ओर से आ रहा एक युवक पुलिस को देखकर अचानक भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में वह बार-बार अलग-अलग जवाब देने लगा, जिससे पुलिस को संदेह हुआ। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। इसके बाद आरोपी रामबृज पुत्र महाराज सिंह गुर्जर निवासी खोंटाबाई (तन गौलारी) थाना सोनेका गुर्जा को मौके पर ही गिरफ्तार कर हथियार और कारतूस जब्त कर लिए गए।
पहले से दर्ज हैं कई संगीन मामले
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी पूर्व दस्यु केशव गुर्जर गैंग का सक्रिय सदस्य रह चुका है। उसके खिलाफ बाड़ी और सोनेका गुर्जा थानों में जबरन वसूली, हत्या के प्रयास, सरकारी कार्य में बाधा तथा आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं।
अवैध हथियारों पर अभियान रहेगा जारी
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध हथियार रखने वालों तथा सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर दहशत फैलाने वाले लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे तत्वों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई करने वाली टीम में थानाधिकारी घनश्याम, सहायक उप निरीक्षक सुरेशचंद, कांस्टेबल बीरबल सिंह और कांस्टेबल अशोक कुमार शामिल रहे।
विजय कुमार शर्मा ब्यूरो

