सामूहिक विवाह समारोह में नवदंपतियों को दिया आशीर्वाद, बोले :— सुखी और समृद्ध हो
1 min readसुल्तानपुर
सुल्तानपुर विधायक एवं पूर्व मंत्री विनोद सिंह ने सामूहिक विवाह समारोह में नवदंपतियों को दिया आशीर्वाद, बोले— सुखी और समृद्ध होl सभी का दांपत्य जीवन। सदर विधायक राज प्रसाद उपाध्याय, सीडीओ विनय सिंह सहित तमाम अधिकारी रहे मौजूद।
उत्तर प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत सोमवार को फरीदीपुर स्थित कमला नेहरू संस्थान परिसर में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कुल 539 जोड़ों का विवाह सकुशल संपन्न हुआ, जिनमें 7 मुस्लिम जोड़ों का निकाह भी सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे के वातावरण में संपन्न कराया गया।
इस अवसर पर सुल्तानपुर सदर विधायक एवं पूर्व मंत्री विनोद सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने सभी नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद, समृद्ध और सफल वैवाहिक जीवन की कामना की।
गाजे-बाजे, शहनाई और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हिंदू जोड़ों का विधि-विधान से विवाह संपन्न कराया गया, जबकि मुस्लिम जोड़ों का निकाह धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न हुआ। समारोह के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से निर्धारित दान-दहेज एवं आवश्यक गृहस्थी सामग्री भी नवदंपतियों को प्रदान की गई, जिससे उनके नए जीवन की सुखद शुरुआत हो सके।
विनोद सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण और जनकल्याणकारी पहल है, जो समाज के हर वर्ग को सम्मानपूर्वक वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत करने का अवसर प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में सदर विधायक राज प्रसाद उपाध्याय, मुख्य विकास अधिकारी विनय सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी प्रवीण कुमार सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समारोह गरिमामय, उत्साहपूर्ण और सामाजिक समरसता के वातावरण में संपन्न हुआ।

