दहेज उत्पीड़न और जानलेवा हमले का आरोप, महिला ने सीओ से लगाई गुहार
1 min readगोण्डा। परसपुर थाना क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न और घरेलू हिंसा का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां के ग्राम सम्भर पुरवा मौजा सकरौर निवासिनी एक महिला ने अपने पति, ससुर और सास पर लात-घूंसों से मारपीट कर गला दबाकर हत्या करने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने क्षेत्राधिकारी कर्नलगंज को प्रार्थना पत्र देकर एफआईआर दर्ज कराकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
“आधी रात के बाद मार देंगे” कहकर दी धमकी
पीड़िता नीलम पत्नी विजय कुमार ने बताया कि उसकी शादी 14 वर्ष पूर्व विजय कुमार पुत्र विद्याधर निवासी सम्भर पुरवा के साथ हुई थी। उसके 1 बेटा और 1 बेटी भी हैं। आरोप है कि दिनांक 17 जुलाई 2026 की रात करीब 10 बजे पति विजय कुमार, ससुर विद्याधर और सास राजकुमारी ने मिलकर उसके साथ मारपीट की। लात-घूंसे और थप्पड़ों के बाद आरोपियों ने उसका गला दबाना शुरू कर दिया। नीलम का आरोप है कि इस दौरान ससुर और सास ने कहा,”यह कलूटी आये दिन घर में बवाल मचाती है। इसे जान से मारकर नदी में फेंक दो। जो होगा देख लेंगे। अब इसे घर में नहीं रहने देना है।” शोर सुनकर गांव के लोग इकट्ठा हुए तो आरोपियों ने मारना बंद कर दिया। लेकिन बाद में उन्होंने आपस में सलाह की कि “आधी रात के बाद इसे मार दिया जाएगा।”
रिश्तेदारी में छिपकर बचाई जान
जान का खतरा देख पीड़िता रात में ही घर से निकलकर विषैनन पुरवा में मायके वालों की रिश्तेदारी में पहुंची। सुबह परिजनों को सूचना दी। इसके बाद चाचा उसे लेकर कोंचा कासिमपुर स्थित मायके ले आए। पीड़िता ने बताया कि वर्तमान में उसकी जान को खतरा है।
सीओ से एफआईआर दर्ज करने की मांग
पीड़िता ने 18 जुलाई को क्षेत्राधिकारी कर्नलगंज को प्रार्थना पत्र देकर पति, ससुर और सास के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उचित वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।
क्षेत्राधिकारी कर्नलगंज ने बताया कि प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है। मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।

