संविधान और लोकतंत्र की हत्या कर रही सरकार” सपा नेता बैजनाथ दुबे का तीखा हमला
1 min read“संविधान और लोकतंत्र की हत्या कर रही सरकार”: सपा नेता बैजनाथ दुबे का तीखा हमला
जंतर मंतर पर प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर लाठीचार्ज दुर्भाग्यपूर्ण,भाजपा जाए तभी युवाओं का भविष्य बचेगा: बैजनाथ दुबे पूर्व विधायक
गोण्डा। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं गोण्डा के पूर्व प्रत्याशी बैजनाथ दुबे ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से जंतर मंतर पर प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर हुए लाठीचार्ज की निंदा की और कहा कि सरकार अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए लोकतंत्र की आवाज को पुलिस के बल पर दबा रही है।
“युवाओं की आवाज दबाई जा रही”
बैजनाथ दुबे ने लिखा कि जंतर मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे लाखों युवाओं पर सरकार के इशारे पर लाठीचार्ज किया जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। लोकतंत्र में प्रत्येक व्यक्ति को अपनी बात शांतिपूर्ण तरीके से कहने की आजादी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपनी नाकामी छिपाने और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ पर जवाब न देना पड़े, इसलिए पुलिस के बल पर युवाओं की आवाज को दबाया जा रहा है। “सरकार लगातार संविधान और लोकतंत्र की हत्या कर रही है, जिसका स्पष्ट उदाहरण आज जंतर मंतर पर देखने को मिला है”।
“पेपर लीक और सुरक्षा पर क्यों नहीं मिल रहा जवाब”
एक अन्य पोस्ट में बैजनाथ दुबे ने सरकार से कई सवाल किए। उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन में फंडिंग कौन कर रहा है और कांग्रेस जैसी पार्टियों को फंडिंग कहां से मिल रही है, इसका पता तुरंत चल जाता है। लेकिन… पेपर लीक कैसे हो रहा है, पुलवामा अटैक में आरडीएक्स कहां से आया, पहलगाम में आतंकी कहां से आए, इसका पता नहीं चल रहा है”। अंत में उन्होंने कहा, “भाजपा जाए-तभी युवाओं का भविष्य बच पायेगा”।
बैजनाथ दुबे के इन बयानों के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है।

