आकस्मिक निरीक्षण में तीन उर्वरक विक्रेताओं के अनुज्ञा पत्र निलंबित,
1 min readधौलपुर,
किसानों को निर्धारित दर पर गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराने तथा उर्वरकों के भंडारण एवं वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कृषि विभाग की टीम द्वारा शनिवार को पंचायत समिति मनिया क्षेत्र में कृषि आदान विक्रेताओं का आकस्मिक निरीक्षण किया गया।
संयुक्त निदेशक कृषि विस्तार प्रभु दयाल शर्मा के नेतृत्व में विभागीय अधिकारियों ने मैसर्स बालाजी खाद बीज भंडार, दीनानाथ खाद बीज भंडार एवं आरजी खाद बीज भंडार का विक्रय केन्द्र एवं गोदाम का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्टॉक रजिस्टर, पीओएस मशीन में दर्ज विवरण तथा मौके पर उपलब्ध यूरिया उर्वरक के भौतिक सत्यापन का मिलान किया गया।
जांच के दौरान तीनों प्रतिष्ठानों में अभिलेखों एवं वास्तविक स्टॉक के बीच भिन्नता पाए जाने पर उर्वरक नियंत्रण संबंधी प्रावधानों के तहत गंभीर अनियमितता मानते हुए मैसर्स बालाजी खाद बीज भंडार, दीनानाथ खाद बीज भंडार एवं आर.जी. खाद बीज भंडार के उर्वरक अनुज्ञा पत्रों को आगामी आदेश तक तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
संयुक्त निदेशक कृषि ने बताया कि किसानों के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उर्वरकों की कालाबाजारी, स्टॉक में अनियमितता तथा नियमों के उल्लंघन के मामलों में विभाग द्वारा लगातार निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है तथा दोषी पाए जाने वाले विक्रेताओं के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण दल में कृषि अधिकारी गिरिराज माहुर, कैलाश चन्द शर्मा, सहायक कृषि अधिकारी शुभम एवं जगदीश रावत, कृषि पर्यवेक्षक प्रदीप कुमार, सोनवीर तथा रघुनाथ उपस्थित रहे।
विजय कुमार शर्मा ब्यूरो

