जोखिम भरी पुलियों पर आवाजाही रोकने के निर्देश, एडीएम ने स्वतंत्रता दिवस तैयारियों की भी समीक्षा की,
1 min readधौलपुर, राजस्थान
अतिरिक्त जिला कलक्टर हरिराम मीना ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में मानसून के दौरान जोखिम भरी पुलिया और रपटों पर आमजन की आवाजाही प्रभावी ढंग से रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत आपूर्ति सुचारू रखने, पेयजल की गुणवत्ता जांच, क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत, मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम, जलभराव वाले क्षेत्रों में फॉगिंग तथा हरियालो राजस्थान अभियान के तहत लक्ष्य अनुसार पौधारोपण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में राजस्थान संपर्क पोर्टल, जनसुनवाई और मुख्यमंत्री कार्यालय से प्राप्त लंबित परिवादों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर दिया गया। साथ ही 15 अगस्त के मुख्य समारोह की तैयारियों की समीक्षा करते हुए बैठक, पेयजल, साउंड सिस्टम, सुरक्षा, बैरिकेडिंग, परेड, रोशनी, सफाई व्यवस्था और मिठाई की गुणवत्ता जांच समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित करने के लिए विभागों से प्रस्ताव भी मांगे गए। इसके अलावा 20 सूत्रीय कार्यक्रम एवं विभिन्न योजनाओं के लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।
विजय कुमार शर्मा ब्यूरो

