16 वर्षीय छात्र की पत्थरों से हत्या,गुस्साए ग्रामीणों ने बाड़ी-बसेड़ी हाईवे किया जाम,
1 min readबाड़ी में 16 वर्षीय छात्र की पत्थरों से हत्या:
भैंस चराने गया था, जंगल में प्लास्टिक के कट्टे से ढका मिला शव; गुस्साए ग्रामीणों ने बाड़ी-बसेड़ी हाईवे किया जाम,
जिला कलेक्टर एवं एसपी कि समझाएंस पर खोला जाम,
बाड़ी, धौलपुर
बाड़ी सदर थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। गांव कुहाबनी निवासी 16 वर्षीय किशोर की पत्थरों से सिर कुचलकर निर्मम हत्या कर दी गई। उसका शव पंजाबीपुरा के पास जंगल में प्लास्टिक के कट्टे से ढका हुआ मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने रविवार रात से ही बाड़ी-बसेड़ी स्टेट हाईवे पर जाम लगाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीण आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे।
जानकारी के अनुसार किशोर रविवार दोपहर करीब 2 बजे पशु चराने के लिए घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर तलाश शुरू की और बाद में ग्रामीण भी खोजबीन में जुट गए। करीब दो घंटे की तलाश के बाद रात लगभग 9 बजे पंजाबीपुरा के पास जंगल में उसका शव मिला, जिसे प्लास्टिक के कट्टे से ढकने का प्रयास किया गया था। शव के सिर पर पत्थरों से किए गए कई गंभीर वार मिले, जिससे हत्या की आशंका नहीं बल्कि निर्मम हत्या की पुष्टि होती दिखाई दे रही है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।
मृतक के परिजनों ने बताया कि किशोर ने हाल ही में 12वीं कक्षा उत्तीर्ण कर सरकारी कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष में प्रवेश लिया था। रविवार को वह घर पर अकेला था। उसके पिता के हाथ में फ्रैक्चर होने के कारण मां और छोटा भाई उन्हें इलाज के लिए धौलपुर ले गए थे। ऐसे में वह स्वयं पशु चराने चला गया, लेकिन वापस नहीं लौट सका।
घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रवण कुमार, पुलिस उपाधीक्षक महेंद्र कुमार मीणा तथा सदर थाना प्रभारी मोहर सिंह मीणा पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित लोग आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर डटे रहे। सोमवार सुबह पूर्व विधायक गिर्राज मलिंगा और कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष रामेंद्र मीणा भी मौके पर पहुंचकर परिजनों से मिले।
फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। इस निर्मम हत्या से पूरे क्षेत्र में दहशत और शोक का माहौल है, जबकि ग्रामीण दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
यह कहना है पूर्व विधायक का,
पूर्व विधायक गिरिराज सिंह मलिंगा ने कहा कि बच्चे को इतनी बेरहमी से मारा गया कि उसका पूरा सिर कुचल दिया गया। परिवार की मांग कानून के दायरे में है। आरोपी को गिरफ्तार किया जाए और कानून के दायरे में जो भी आर्थिक सहायता मिल सकती है, वो दी जाए।
क्या कहते हैं ए एसपी,
एसपी श्रवण कुमार झुरंधे ने बताया कि परिजनों से समझाइश का प्रयास जारी है। उच्च अधिकारियों को भी अवगत करा दिया है। फिलहाल परिजन शव को मौके से नहीं उठाने दे रहे। पुलिस ने एफएसएल टीम बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।
जिला कलेक्टर श्री निधि बीटी,पूर्व विधायक बाड़ी, गिरिराज सिंह मलिंगा
।।धौलपुर राजस्थान से विजय शर्मा की रिपोर्ट।।

